- गोंदिया की प्रोबेशनरी असिस्टेंट चैरिटी कमिश्नर दिशा केशवराव पजई को निलंबित किया गया है
- उन्होंने बिना अनुमति एक निजी ज्वेलर्स के लकी ड्रॉ में महिंद्रा एसयूवी 700 जीती थी
- राज्य सरकार के विधि और न्याय विभाग ने नियमों के उल्लंघन के कारण यह कार्रवाई की है
क्या हो कि कोई कंपनी लकी ड्रॉ निकाले. उसमें आप लग्जरी गाड़ी जीतें. और फिर अचानक से सस्पेंशन का नोटिस आ जाए? ऐसा ही कुछ गोंदिया की प्रोबेशनरी असिस्टेंट चैरिटी कमिश्नर दिशा केशवराव पजई के साथ हुआ है. एक निजी ज्वेलर्स ने हाल ही में एक लकी ड्रॉ रखा, जिसमें उन्होंने महिंद्रा एसयूवी 700 जीती. लेकिन अब उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. राज्य सरकार के विधि और न्याय विभाग ने यह कार्रवाई की है.
लेकिन ऐसा क्यों हुआ?
दिशा पजई पर आरोप है कि उन्होंने बगैर इजाजत लिए लकी ड्रॉ में गाड़ी जीतकर नियमों का उल्लंघन किया है.
उनके निलंबन के आदेश में लिखा गया है कि बिना पूर्व अनुमति के एक निजी ज्वेलर्स के लकी ड्रॉ में चार पहिया गाड़ी जीत कर 'महाराष्ट्र नागरिक सेवा (आचरण) नियमों' का उल्लंघन करने के कारण यह कार्रवाई की गई है.

साथ ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू की जाएगी. आदेश में यह भी जिक्र किया गया है कि वह अनुमति के बिना गोंदिया मुख्यालय नहीं छोड़ सकतीं.

निलंबन के दौरान शर्तें लागू
निलंबन के दौरान उन पर कई शर्तें भी लगाई गई हैं. वह इस दौरान किसी भी तरह की निजी नौकरी या कारोबार नहीं कर सकतीं. अगर इस दौरान वह कोई निजी नौकरी या कारोबार करती हैं तो उन्हें दुर्व्यवहार का दोषी माना जाएगा और कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा यह भी साफ किया गया है कि निलंबन के दौरान उन्हें किसी तरह के भत्ते भी नहीं मिलेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं