नरोत्तम मिश्रा दतिया उपचुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी का ऐलान होने के बाद पहली बार सामने आए है. अपना टिकट कटने के बाद उन्होंने पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की है. नरोत्तम मिश्रा दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे. लेकिन बीजेपी ने यहां से आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया है. जिसके बाद उनके समर्थकों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया था. वहीं बीजेपी के सीनियर नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी दतिया उपचुनाव में बीजेपी की जीत का दावा करते हुए बड़ा बयान दिया है.
कैलाश विजयवर्गीय बोले-सबको टिकट नहीं मिलता
वहीं दतिया उपचुनाव में टिकट को लेकर हुए घमासान पर सीनियर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा 'सभी कार्यकर्ताओं को बैठाकर बात कर लेंगे. दतिया उपचुनाव में उम्मीदवार बने आशुतोष तिवारी भारी मतों से चुनाव जीतेंगे. मैं अभी से भविष्यवाणी कर रहा हूं. हमारी पार्टी सबकुछ सोच समझकर करती है. यह फैसला भी इसी तरह से लिया गया है. और इसलिए हम डंके की चोट जीतेंगे. नरोत्तम जी भी काम करेंगे मैं आपसे कह रहा हूं. मैं नरोत्तम जी को जानता हूं व्यक्तिगत तौर पर. 230 सीट हैं मध्य प्रदेश में हर बार 2000 लोग टिकट की दावेदारी करते हैं पर सबको टिकट मिलता नहीं है. कोई बात नहीं पार्टी का निर्णय है सर्वोपरि है.
नरोत्तम मिश्रा बोले ये पार्टी का फैसला है
नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि दतिया उपचुनाव में टिकट देना पार्टी का फैसला है. पार्टी का फैसला सबसे ऊपर है. वहीं उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की है. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मुझे सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो फुटेज दिखे हैं. जिसमें कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं और उग्र नजर आ रहे हैं. उनसे अपील करना चाहता हूं की सभी शांति बरते. क्योंकि पार्टी फोरम में अपनी बात रखी जाती है. इस तरह का कोई भी विरोध न किया जाए.' नरोत्तम मिश्रा ने फिलहाल इससे ज्यादा टिकट कटने पर कुछ नहीं कहा है. जबकि उनके समर्थक टिकट नहीं दिए जाने पर नाराज नजर आ रहे हैं.
दतिया में नरोत्तम मिश्रा समर्थकों ने किया था जाम
दरअसल, दतिया उपचुनाव में बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया है. जिसके बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन किया था. नेशनल हाईवे-44 को लगभग 11 घंटे तक जाम करने के कारण चार जिलों में यातायात बाधित हुआ था. वहीं दतिया शहर में भी उनके समर्थकों ने बाजार बंद करवाया था. जिसके बाद कुछ इलाकों में सर्मथकों की पुलिस झड़प भी हुई है. वहीं दतिया जिले में बीजेपी के जिलाध्यक्ष समेत कई पार्षदों ने नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में बीजेपी से इस्तीफे का ऐलान किया है. लेकिन अब टिकट कटने के बाद पहली प्रतिक्रिया आ गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं