- खजुराहो एयरपोर्ट पहले भी कर चुका है ये कमाल.
- AAI ने यात्रियों से फीडबैक लेकर कई चीजों पर स्कोर किया.
- खजुराहो और भोपाल दोनों एयरपोर्ट ने इन्हीं सभी पैमानों पर टॉप परफॉर्म किया.
मध्य प्रदेश ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के 2026 के राष्ट्रीय ग्राहक संतुष्टि सूचकांक सर्वेक्षण में छतरपुर जिले के खजुराहो एयरपोर्ट ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि राज्य की राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज हवाई अड्डा तीसरे स्थान पर रहा. इससे पहले भी खजुराहो एयरपोर्ट यही उपलब्धि हासिल कर चुका है. दिसंबर 2025 को भी इसी लिस्ट में पहले नंबर पर रहा था.
एमपी के दोनों हवाई अड्डों ने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और सेवा की गुणवत्ता के आधार पर टॉप पर पहुंचने की उपलब्धि हासिल की है. खजुराहो हवाई अड्डे के निदेशक संतोष सिंह ने एक बयान में कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत, यात्रियों के विश्वास और उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने की निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है.
उन्होंने कहा कि हवाई अड्डा प्रबंधन का लक्ष्य भविष्य में भी यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और सेवा की गुणवत्ता में लगातार सुधार करना है. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की यह रैंकिंग देशभर के हवाई अड्डों पर यात्रियों से प्राप्त प्रतिक्रिया के आधार पर तैयार की गई है.
सर्वे में क्या-क्या देखा जाता है?
सर्वेक्षण में पंजीकरण (चेक-इन) प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, टर्मिनल की स्वच्छता, कर्मचारियों का व्यवहार, प्रतीक्षा अवधि, खानपान, सूचना व्यवस्था तथा समग्र यात्री अनुभव जैसे अनेक महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर हवाई अड्डों का मूल्यांकन किया गया. इसमें कहा गया कि इन सभी पैमानों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खजुराहो हवाई अड्डे ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि राजा भोज हवाई अड्डा तीसरे स्थान पर रहा.
खजुराहो हवाई अड्डे की यह उपलब्धि पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि विश्वविख्यात मंदिरों के लिए प्रसिद्ध खजुराहो आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों को बेहतर हवाई संपर्क तथा उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलने से क्षेत्र के पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट से सिर्फ 15 किमी दूर बसेगा ये शहर, अलीगढ़-मथुरा से सटा और यमुना एक्सप्रेसवे पर NCR के करीब
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं