शातिर दिमाग...फर्जी पहचान... और सरकारी सिस्टम की आंखों में धूल झोंकने का एक बड़ा खेल. अशोकनगर की फर्जी IAS अफसर तृप्ति सिंह राजपूत का मामला ऐसे ही किसी खेल की तरफ इशारा कर रहा है, जो अब सिर्फ तृप्ति तक ही सीमित नजर नहीं आ रहा है, इसमें उसकी दो सहेलियां भी जुड़ गई हैं.
दरअसल, इस मामले में दो ऐसे नए वीडियो सामने आए हैं, जिन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और कानून के रखवालों के होश उड़ा दिए हैं. वीडियो में विधानसभा परिसर के अंदर होने का दावा करतीं तीन युवतियां बेफिक्र अंदाज में व्लॉगिंग करती नजर आ रही हैं. वीडियो में एक लड़की कहती है कि “हम विधानसभा अटेंड करने आए थे, तो सोचा व्लॉग बना लें.” ये लड़कियां कोई और नहीं फर्जी IAS तृप्ति और उसकी दो सहेलियां हैं.
'तृप्ति हमारी सीनियर है'
वीडियो में फर्जी IAS तृप्ति सिंह अपनी हरकतों पर पर्दा डालते हुए कहती है- “हमारी हरकतों को देखकर कोई नहीं कह सकता कि हम तीनों IAS ऑफिसर्स हैं. हम थोड़े बेवकूफ हैं और धीरे-धीरे प्रोग्रेस पर हैं. इस पर पहली लड़की तृप्ति की ओर इशारा कर कहती है- यह हमारी सीनियर है, इसको प्रोग्रेस की जरूरत नहीं है.”
फर्जी IAS तृप्ति अकेली नहीं, उसका पूरा गैंग
इन तीनों फर्जी IAS अफसर का हंसी-मजाक और बेपरवाही का यह नाटक यहीं खत्म नहीं होता. दूसरे वीडियो में ख्याति कहती दिख रही है कि “अंदर जाने में टाइम लग रहा है, नहीं तो हम उस बिल्डिंग के पार बैठकर किसी टॉपिक पर सभा सुन रहे होते.” इन दोनों वीडियो में जिस तरह से ये लड़कियां हंसती-खिलखिलाती दिख रही हैं, उसने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. NDTV को सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, यह ठगी का खेल अकेले तृप्ति का नहीं, बल्कि एक पूरा नेटवर्क है.
होशंगाबाद और भोपाल की रहने वाली हैं सहेलियां
सूत्रों के मुताबिक, इस नेटवर्क में एक लड़की होशंगाबाद की रहने वाली है, जिसके पिता सरकारी नौकरी में हैं. वहीं, तृप्ति के अलावा भोपाल के एक मिडिल क्लास परिवार की रहने वाली लड़की भी इसमें शामिल है. इन तीनों लड़कियों ने साल 2021 के आसपास इस फर्जीवाड़े की दुनिया में कदम रखा था. ये तीनों अक्सर विधानसभा घूमने जाया करती थीं और वहां फोटो-वीडियो शूट करती थीं. बाद में इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया व आस-पड़ोस में दिखाकर खुद के बड़ा सरकारी अफसर होने का दावा करती थीं, इसके बाद लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी का शिकार बनाती थीं.
सहेलियों को लेकर पुलिस करेगी पूछताछ
तृप्ति सिंह राजपूत के खिलाफ चंदेरी में मामला दर्ज होने के बाद भोपाल में भी एफआईआर (FIR) दर्ज हुई है. हालांकि, तृप्ति राजपूत अभी अशोकनगर जेल में बंद है. लेकिन इन नए वीडियो और विधानसभा में किए फोटो-वीडियो ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. अब पुलिस इन दोनों लड़कियों को लेकर भी तृप्ति से पूछताछ कर सकती है.
'समझदार दिमाग बिकते नहीं...' IPS अंकिता शर्मा की पोस्ट वायरल, NDTV से बताए इनके मायने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं