विज्ञापन

धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम पर गोली मारने का आरोप, बाबा बागेश्वर ने कहा- हमारा उनसे लेना-देना नहीं

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पास फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. किसान मोतीलाल कुशवाहा ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर गोली मारने का आरोप लगाया है. घायल किसान का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.

धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम पर गोली मारने का आरोप, बाबा बागेश्वर ने कहा- हमारा उनसे लेना-देना नहीं
  • छतरपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की घटना हुई जिसमें एक किसान घायल हुआ.
  • घायल किसान ने बागेश्वर धाम प्रमुख के भाई शालिग्राम गर्ग और साथियों पर उन पर गोली चलाने का आरोप लगाया.
  • पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और एसडीओपी खजुराहो को मौके पर भेजकर सबूत जुटाए जा रहे हैं.

एमपी के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है. बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग का नाम सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया. घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद के दौरान उन पर गोली चलाई. 

घटना के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. इस मामले में धीरेंद्र शास्त्री का भी बयान आया है. उन्होंने कहा कि हमारा उनसे कोई लेना-देना नहीं है. हमें उनसे जोड़ा ना जाए. 

कोड़ा गांव में फायरिंग से मचा हड़कंप

मामला राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा का है. यहां मंगलवार को हुई फायरिंग की घटना से गांव में दहशत फैल गई. घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग और उनके साथियों ने उन पर हमला किया. घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है.

Latest and Breaking News on NDTV

हमले में घायल किसान.  

किसान ने जमीन को लेकर लगाया गंभीर आरोप

घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा का कहना है कि क्षेत्र के किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है. उनका आरोप है कि जो किसान अपनी जमीन बेचने से इनकार करते हैं, उन्हें धमकाया जाता है और उनके साथ मारपीट की जाती है. मोतीलाल के मुताबिक, इसी विवाद के चलते उन पर गोली चलाई गई, जिससे वे घायल हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी को मौके पर भेजा गया और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में एक्स-रे जांच के दौरान शरीर में गोली जैसी वस्तु दिखाई देने की जानकारी डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर दी है. पुलिस घायल के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.

हमारा उनस कोई लेना-देना नहीं- धीरेंद्र शास्त्री

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हमने तीन वर्ष पूर्व ही स्पष्ट कर दिया था कि शालिग्राम जी या हमारे परिवार से हमारा कोई व्यक्तिगत लेना-देना नहीं है, क्योंकि संपूर्ण विश्व, समाज, राष्ट्र और सनातन ही हमारा असली परिवार है. छतरपुर जिले और हमारे विस्तृत कुनबे में आए दिन कुछ न कुछ होता रहता है, लेकिन जिसने भी अपराध किया है, उसे कानून और ईश्वर द्वारा कठोर से कठोर दंड अवश्य मिलना चाहिए. चू्ंकि हमें इस पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी नहीं है, इसलिए हमारी करबद्ध प्रार्थना है कि हर घटना में बेवजह हमारा नाम न जोड़ा जाए.

घटनास्थल से जुटाए जा रहे सबूत

एसपी के मुताबिक, एसडीओपी खजुराहो को मौके पर भेजा गया है. घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली कहां से और किस परिस्थिति में चलाई गई. फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, खोखे और अन्य सबूत भी जुटाए जा रहे हैं ताकि मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके.

तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी

पुलिस के अनुसार, मामले में सतीश, शालिग्राम और आशीष को नामजद आरोपी बताया गया है. इसके अलावा एक अज्ञात व्यक्ति का भी नाम सामने आया है. इस तरह कुल चार लोगों के संबंध में जांच की जा रही है. मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है.

पुलिस को दिए गए बयान में बताया गया है कि घटना के दौरान करीब तीन राउंड फायरिंग हुई. आरोप है कि पहला फायर हवाई था, जबकि अन्य गोलियां घायल किसान को लगीं या छूते हुए निकलीं. एसपी ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट, एक्स-रे, एमएलसी रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dhirendra Shastri Brother Abusing, Bageshwar Dham Controversy, Farmer Shot Dead, Chhatarpur Firing Incident, Madhaya Pradesh Hindi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com