छत्तीसगढ़ सरकार ने विभिन्न आयोगों, निगमों, बोर्डों और अकादमियों के अध्यक्षों तथा पदाधिकारियों को मंत्री स्तर का दर्जा देने का महत्वपूर्ण फैसला किया है. सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राज्य के तीन प्रमुख आयोगों के अध्यक्षों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया है, जबकि विभिन्न निगमों, कल्याण बोर्डों और अकादमियों के 15 अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया है. सरकार के इस निर्णय को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टियों से अहम माना जा रहा है.
तीन आयोग अध्यक्षों को मिला कैबिनेट मंत्री का दर्जा
जारी आदेश के मुताबिक, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है. इसके साथ ही उन्हें राज्य में कैबिनेट मंत्री स्तर के प्रोटोकॉल और सुविधाएं प्राप्त होंगी.
15 अध्यक्षों और उपाध्यक्षों को राज्य मंत्री का दर्जा
प्रदेश के विभिन्न विकास निगमों, कल्याण बोर्डों और अकादमियों से जुड़े 15 अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है. इनमें राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष आनंद निषाद, संस्कृत विद्या मंडल के अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत, शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक, राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम और राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष एजाज मिर्जा बेग शामिल हैं.
अन्य पदाधिकारियों को भी मिला लाभ
सरकार के आदेश में राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन संघ के अध्यक्ष भोजराज देवांगन, राज्य राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, राज्य सिंधी अकादमी की अध्यक्ष सुषमा जेठानी और राज्य सहकारी विपणन संघ के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी समेत अन्य पदाधिकारियों को भी राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है. इस फैसले के बाद संबंधित पदाधिकारियों का सरकारी दर्जा और प्रोटोकॉल बढ़ जाएगा.
राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से अहम फैसला
छत्तीसगढ़ सरकार के इस निर्णय को राज्य की विभिन्न संस्थाओं और आयोगों को अधिक महत्व देने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है. सरकार का मानना है कि इससे इन संस्थाओं के कार्यों को और प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी. आदेश जारी होने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं