विज्ञापन
This Article is From Oct 06, 2016

यूपी तक नहीं पहुंची पीएम की चेतावनी, लखनऊ में पोस्टरों में हुआ सर्जिकल स्ट्राइक का 'गुणगान'

यूपी तक नहीं पहुंची पीएम की चेतावनी, लखनऊ में पोस्टरों में हुआ सर्जिकल स्ट्राइक का 'गुणगान'
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपने मंत्रियों और पार्टी नेताओं को पाक अधिकृत कश्मीर भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में 'बढ़-चढ़कर न बोलने' के बारे में दी गई चेतावनी का फिलहाल पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ा है, जिसमें रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर को सम्मानित किया जाना है.

लखनऊ के बीजेपी ऑफिस पर एक बड़ा-सा होर्डिंग लगा देखा जा सकता है, जिसमें मनोहर पर्रिकर का स्वागत करने के अलावा सेना, प्रधानमंत्री व रक्षामंत्री को नियंत्रण रेखा के पार पाक अधिकृत कश्मीर में जाकर 'आतंकवादियों के ठिकानों पर सर्जिकल हमला करने' के लिए 'सलाम' किया गया है.

अगले साल की शुरुआत में ही विधानसभा चुनाव देखने जा रहे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रक्षामंत्री गुरुवार को कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे.

बीजेपी के एक प्रवक्ता ने कहा, "भारतीय सेना की कामयाबी से कार्यकर्ता उत्साहित हैं, और उनके द्वारा उस सर्जिकल स्ट्राइक से जुड़े सभी का जोरदार स्वागत किया जाना स्वाभाविक प्रतिक्रिया है... स्थानीय इकाई ने भव्य स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया है..."

उधर, कांग्रेस के संजय निरूपम ने माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर लिखा, "राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर राजनैतिक तमाशा जारी है... यूपी बीजेपी रक्षामंत्री (मनोहर) पर्रिकर का सम्मान करने जा रही है... वहां अगले साल चुनाव होने वाले हैं..."

हाल ही में उत्तर प्रदेश के ही अन्य शहर तथा प्रधानमंत्री के चुनाव क्षेत्र वाराणसी में बीजेपी की सहयोगी शिवसेना ने पोस्टर लगाए थे, जिनमें प्रधानमंत्री को भगवान राम तथा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ को 10 सिर वाले राक्षसराज रावण के रूप में दिखाया गया था.

दशहरे के माहौल में लगाए इन पोस्टरों में कहा गया है, "एक और सर्जिकल स्ट्राइक की ज़रूरत है..."

अगले मंगलवार को दशहरा है, और प्रधानमंत्री भी अब तक चली आ रही परम्परा को बदलते हुए दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान को छोड़कर लखनऊ में आयोजित समारोह में भाग लेंगे, जहां वह रावण के विशाल पुतले का दहन भी करेंगे.

आयोजकों ने पुष्टि की है कि उनका संदेश सर्जिकल स्ट्राइक से ही जुड़ा हुआ है, जबकि यूपी में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के अम्बिका चौधरी ने बीजेपी पर सर्जिकल स्ट्राइक का राजनैतिक फायदा उठाने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा, "यह त्योहार है, इसे त्योहार ही रहने दें..."

विपक्षी दलों की ओर से हो रही आलोचना के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ही कैबिनेट बैठक के दौरान कहा था कि मंत्रियों तता पार्टी नेताओं को सुनिश्चित करना चाहिए कि वे सार्वजनिक रूप से सर्जिकल हमले को लेकर न बढ़-चढ़कर बात करें, और न ही वे नेता इस बारे में कुछ कहें, जो अधिकृत नहीं हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मनोहर पर्रिकर, यूपी बीजेपी, सर्जिकल हमला, सर्जिकल स्ट्राइक, नरेंद्र मोदी, विजयदशमी उत्सव, दशहरा उत्सव, Manohar Parrikar, UP BJP, Surgical Strike, Narendra Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com