विज्ञापन
This Article is From Aug 02, 2016

यूपी में कांवड़िये की मौत से गुस्साए दूसरे कांवड़ियों ने एसपी की गाड़ी पर पथराव किया

यूपी में कांवड़िये की मौत से गुस्साए दूसरे कांवड़ियों ने एसपी की गाड़ी पर पथराव किया
प्रतीकात्मक तस्वीर
हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर शहर कोतवाली क्षेत्र में एक कांवड़िये की मौत के बाद गुस्साए कांवड़ियों ने जमकर बवाल किया और कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया. उपद्रवियों ने एसपी की गाड़ी पर भी पथराव किया. करीब दो घंटे तक उपद्रव के बाद पुलिस ने बल प्रयोग करके उपद्रवियों को खदेड़ा और मृतक कांवड़िये के शव का पोस्टमार्टम कराया.

मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे बिलग्राम की तरफ से आ रहे तीन ट्रैक्टरों पर सवार कांवड़ियों का एक जत्था सहर कोतवाली क्षेत्र के कुतुवापुर के पास रुका. इसमें से एक कांवड़िया केशनपाल (38) पिहानी सब्जी खरीदने गया और सब्जी लेकर वापस आ रहा था. इसी बीच हरदोई की तरफ से जा रही एक निजी बस ने उसको कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना से आक्रोशित कांवड़िये सड़क पर जाम लगाकर बैठ गए. इसी बीच ग्रामीण भी पहुंचे तो बात बिगड़ गई. गुस्साए कांवड़ियों ने ग्रामीणों के सहयोग से एक रोडवेज बस को तोड़ दिया और एक निजी बस भी तोड़ दी.

इसी बीच एक ट्रक आया उसको भी छतिग्रस्त कर दिया. कांवड़ियों ने एक सरकारी बोलेरो भी तोड़ दी. कांवड़ियों के बवाल की जानकारी पर पहुंचे एसपी उमेश कुमार सिंह की गाड़ी पर भी पथराव किया गया, जिससे एसपी की एंबेसडर व साथ चल रही एस्कोर्ट की जिप्सी भी छतिग्रस्त हो गई.

जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी विवेक वाष्र्णेय एसडीएम सदर पप्पू गुप्ता भी मौके पर पहुंचे. बवाल के मद्देनजर दोनों एएसपी व कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची पहले तो समझाने के प्रयास होते रहे, लेकिन जब बात नहीं तब पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ना शुरू किया.

करीब दो घंटे के बाद जाम खुल सका. इस मामले में पुलिस ने कुछ उपद्रवियों को हिरासत में भी लिया है. एतिहातन क्षेत्र में पुलिस बल मुस्तैद कर दिया गया है और निगाह रखने की हिदायत भी दी गई है.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
उत्तर प्रदेश, हरदोई, कांवड़िये की मौत, Uttar Pradesh, Hardoi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com