हम अक्सर सोचते हैं कि जिंदगी बदलने के लिए कोई बड़ा मौका, खास टैलेंट या असाधारण मेहनत चाहिए, लेकिन सच यह है कि कई बार बदलाव की शुरुआत बहुत छोटी चीजों से होती है. अक्सर लोगों के साथ होता है कि वह बड़े टारगेट बनाते हैं और उस पर कुछ दिनों तक उत्साह से काम भी करते हैं, लेकिन फिर धीरे-धीरे वह जोश कम होने लगता है. राज शमानी पॉडकास्ट में डॉ. विकास दिव्यकीर्ति ने बताया कि सफलता किसी एक बड़े फैसले का नहीं, बल्कि रोज की छोटी-छोटी आदतों का परिणाम होती है. जीवन में बड़ा बदलाव लाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज अनुशासन और निरंतरता है.
बड़े सपनों से ज्यादा जरूरी है नियमितता
डॉ. विकास दिव्यकीर्ति के अनुसार, बहुत से लोग बड़े टारगेट तो तय कर लेते हैं, लेकिन उन्हें रोजाना निभाने वाली आदतें विकसित नहीं कर पाते. सफलता का रहस्य एक दिन में बहुत कुछ करने में नहीं, बल्कि हर दिन थोड़ा-थोड़ा सही काम करने में छिपा है.
छोटी आदतें बनाती हैं बड़ा अंतर
डॉ. विकास दिव्यकीर्ति ने बताया कि रोज कुछ पन्ने पढ़ना, समय का सही उपयोग करना, अपने काम को टालने की बजाय समय पर पूरा करना और लगातार सीखते रहना, ये ऐसी आदतें हैं जो समय के साथ बड़ा असर दिखाती हैं. शुरुआत में इनका परिणाम नजर नहीं आता, लेकिन कुछ महीनों बाद यही आदतें व्यक्ति को अलग पहचान देती हैं.
अनुशासन ही असली ताकत
हम अक्सर प्रेरणादायक वीडियो देखकर उत्साहित हो जाते हैं, लेकिन मोटिवेशन हमेशा एक जैसा नहीं रहता. डॉ. दिव्यकीर्ति बताते हैं कि जब मन न भी करे, तब भी अपने जरूरी काम को करना ही अनुशासन है. यही आदत लंबे समय में सफलता की नींव रखती है.
खुद को हर दिन थोड़ा बेहतर बनाएं
दूसरों से तुलना करने के बजाय अपनी पिछली स्थिति से तुलना करना अधिक महत्वपूर्ण है. अगर, आज आप कल से थोड़ा बेहतर हैं, तो आप सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. लगातार सुधार की यही सोच व्यक्ति को आगे ले जाती है. उन्होंने बताया कि जिंदगी बदलने के लिए किसी जादुई फॉर्मूले की जरूरत नहीं है. एक अच्छी आदत, जिसे आप रोज निभाते हैं, समय के साथ आपकी सोच, व्यक्तित्व और भविष्य तीनों को बदल सकती है.
यह भी पढ़ें:- रसोई के गंदे और चिकनाई भरे तौलिए मिनटों में होंगे साफ, अपनाएं ये आसान घरेलू तरीके
यह भी पढ़ें:- क्या पिछले जन्म के रिश्ते आज की जिंदगी को प्रभावित करते हैं? बीके शिवानी ने बताया संबंधों का रहस्य
यह भी पढ़ें:- 'उसने एक बार मेरे साथ बुरा किया, मैंने 30 साल खुद के साथ', बहन बीके शिवानी ने बताया मेडिटेशन से कैसे बदली लाइफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं