खाना बनाना जितना मजेदार होता है, उतना ही मुश्किल रसोई की सफाई करना भी हो सकता है. खासकर रसोई के तौलिए, जिन पर तेल, मसाले और खाने के दाग सबसे ज्यादा जमा होते हैं. रसोई के कपड़े या तौलिए को कुछ दिन तक साफ नहीं किया जाए तो ये चिकने, भारी और बदबूदार लगने लगते हैं. अक्सर लोग इन कपड़ों और तौलियों को आम तरीके से धो देते हैं, जिससे वह साफ दिखने लगते हैं, लेकिन इनमें जमी चिकनाई पूरी तरह नहीं निकलती. अगर, आप भी अपनी रसोई के कपड़े या तौलिए की चिकनाई को पूरी तरह साफ करना चाहते हैं तो कुछ आसान घरेलू उपायों आपकी मदद कर सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं रसोई का तौलिया कैसे साफ करें.
उबलते पानी और बेकिंग सोडा
जब तेल और चिकनाई तौलिए के रेशों में गहराई तक जम जाती है, तो नॉर्मल धुलाई उसे पूरी तरह साफ नहीं कर पाती. ऐसे में गर्म पानी काफी मददगार साबित हो सकता है. इसके लिए एक बड़े बर्तन में पानी उबाल लें. इसमें थोड़ा बेकिंग सोडा और एक बड़ा चम्मच लिक्विड डिशवॉश मिलाएं. डिशवॉश तेल और चिकनाई को काटने का काम करता है, जबकि बेकिंग सोडा बदबू दूर करने में मदद करता है. अब चिकनाई वाले तौलियों को इसमें डालकर 15 से 20 मिनट तक धीमी आंच पर रहने दें. इससे तौलियों में फंसा तेल और गंदगी ढीली पड़ जाती है. इसके बाद उन्हें सामान्य तरीके से धो लें. ऐसा करने से तौलिए ज्यादा साफ, हल्के और ताजगी भरे महसूस होंगे.
सफेद सिरका और गर्म पानी का इस्तेमाल
किचन तौलियों को धोते समय फैब्रिक सॉफ्टनर का इस्तेमाल करने से बचें. दरअसल, फैब्रिक सॉफ्टनर तौलिए के रेशों पर एक परत बना देता है, जिससे तेल और गंदगी अंदर ही फंस जाती है. इससे तौलिए की पानी सोखने की क्षमता भी कम हो जाती है. इसके बजाय आप सफेद सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं. तौलियों को धोते समय फैब्रिक सॉफ्टनर वाले हिस्से में आधा कप सफेद सिरका डाल दें. यह आसान तरीका रसोई के कपड़े और तौलिए को साफ करने के लिए बहुत मददगार साबित हो सकता है.
जिद्दी तेल के दाग कैसे हटाएं
अगर तौलिए पर ज्यादा चिकनाई या तेल के दाग हैं, तो उन्हें सीधे वॉशिंग मशीन में डालने की बजाय पहले उनका इलाज करें. इससे दाग स्थायी होने से बच जाते हैं. इसके लिए साफ लिक्विड डिशवॉश को सीधे सूखे और चिकने हिस्से पर लगाएं. फिर कपड़े को हल्के हाथों से रगड़ें, ताकि साबुन तेल को तोड़ सके. साबुन को लगभग 30 मिनट तक लगा रहने दें और फिर गर्म पानी से धो लें. अगर, दाग बहुत जिद्दी हैं, तो वॉशिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को दाग वाले हिस्से पर लगाएं और कुछ देर बाद धो लें. यह तरीका तौलिए में जमी पुरानी चिकनाई और गंदगी को हटाने में काफी असरदार साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें:- जली हुई कड़ाही कैसे साफ करें? जिद्दी काले दाग हटाने के 4 आसान घरेलू तरीके
यह भी पढ़ें:- DIY कम्पोस्ट पिट: बिना मक्खियों या बदबू के, किचन और बगीचे के कचरे से बनाएं नेचुरल खाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं