आज के समय में हर कोई अच्छी बॉडी बनाना चाहता है और जिम में जमकर मेहनत करते हैं. आजकल हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट का चलन तेजी से बढ़ रहा है. बहुत से लोग हर दिन जिम में ज्यादा हैवी वर्कआउट करने का प्रयास करते हैं. आपने पहले से ज्यादा मेहनत की, ज्यादा वजन उठाया, तेज दौड़े और जिम से यह सोचकर निकले कि आज आपने पूरी ताकत लगा दी, लेकिन अगले दिन बिस्तर से उठना भी किसी वर्कआउट से कम नहीं लग रहा.
ऐसे वर्कआउट हमें अपने आप को पुश करने के लिए जरूर कर सकते हैं. लोगों को लगता है कि हम जितनी ज्यादा मेहनत करेंगे, उतने ही फिट बनेंगे, लेकिन क्या जरूरत से ज्यादा खुद को पुश करना आपके शरीर के लिए सही है. क्या ज्यादा हैवी वर्कआउट करना सही है? चलिए आपको बताते हैं हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट शुरू करने से पहले क्या करें? HT की रिपोर्ट के मुताबिक, मल्टीफिट वेलनेस की डायरेक्टर दीप्ति शर्मा ने बताया कि वर्कआउट को अगले लेवल पर ले जाने से पहले लोगों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
क्या ज्यादा एक्सरसाइज करना सही होता है?
दीप्ति ने बताया कि हाई-इंटेंसिटी वाली एक्सरसाइज बहुत असरदार हो सकती है. इससे कार्डियोवैस्कुलर फिटनेस, ताकत, स्टैमिना और ओवरऑल परफ़ॉर्मेंस बेहतर हो सकती है, लेकिन जब अच्छी वर्कआउट का ऑप्शन सिर्फ इंटेंसिटी बन जाती है, तो यह आपके लिए नुकसानदायक हो सकती है. हालांकि, सबसे बड़ी समस्या हाई-इंटेंसिटी एक्सरसाइज नहीं है, बल्कि बहुत जल्दी बहुत ज्यादा एक्सरसाइज करना है.
आजकल लोग अक्सर यह मानने लगे हैं कि अगर वर्कआउट के बाद बहुत ज्यादा थकान महसूस हो रही है, तो आपकी एक्सरसाइज का असर हो रहा है. हम ज्यादा पसीना बहाने, ज्यादा कैलोरी बर्न करने, भारी वजन उठाने और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश में जुटे रहते हैं, लेकिन कई बार हम यह भूल जाते हैं कि फिटनेस का मतलब हर बार खुद को पूरी तरह थका देना नहीं है. एक्सपर्ट दीप्ति कहती हैं, "वर्कआउट आपको चुनौती जरूर दे, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए कि उसके बाद आप पूरी तरह टूटे हुए महसूस करें".
रिकवरी भी जरूरी है
अच्छी नींद, सही खानपान, पर्याप्त पानी पीना, स्ट्रेचिंग और आराम करने से शरीर को खुद को ठीक करने और पहले से ज्यादा मजबूत बनने का मौका मिलता है. कई बार यह समझना कि कब आराम करना है, उतना ही जरूरी होता है जितना यह जानना कि कब ज्यादा मेहनत करनी है. खासकर उन लोगों के लिए जो पहली बार हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट शुरू कर रहे हैं.
दीप्ति का कहना है कि आपको अपने साथ में एक्सरसाइज कर रहे व्यक्ति की बराबरी करने की जरूरत नहीं है. हर मूवमेंट को पूरी ताकत से करना भी जरूरी नहीं है और फिटनेस साबित करने के लिए पहले ही हफ्ते में खुद को बहुत ज्यादा पुश करने की भी आवश्यकता नहीं है. आप अपने शरीर की ताकत और क्षमता के अनुसार शुरुआत करें. हैवी वर्कआउट के लिए धीरे-धीरे आगे बढ़ें, एक्सरसाइज के सही तरीके सीखें, पहले ताकत बढ़ाएं और फिर जरूरत के अनुसार वर्कआउट की बढ़ाएं. ऐसा करने से आपको चोट नहीं लगेगी और आप अच्छी वर्कआउट कर सकेंगे.
यह भी पढ़ें:- घर पर तेल कैसे बनाएं? नीलम कोठारी ने बताया मां का DIY हेयर ऑयल नुस्खा, बाल रहेंगे घने और हेल्दी
यह भी पढ़ें:- कॉकरोच और कीड़े-मकोड़े को भगाने के लिए 5 केमिकल-फ्री उपाय, तुरंत दिखेगा असर
यह भी पढ़ें:- तेल की बोतल की चिकनाहट कैसे साफ करें? जानिए तेल की डोली के बाहर चिपचिपापन हटाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- पानी की बोतल को अंदर से कैसे साफ करें? एक्सपर्ट से जानें स्टेनलेस स्टील और पीतल की बोतल साफ करने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- रसोई के गंदे और चिकनाई भरे तौलिए मिनटों में होंगे साफ, अपनाएं ये आसान घरेलू तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं