घर में कॉकरोच दिख जाए, दीवार पर छिपकली घूमती दिखे, तो बहुत परेशानी बढ़ जाती है. इनसे छुटकारा पाने के लिए महंगे स्प्रे और दवाइयों का इस्तेमाल किया जाता है, जो जेब पर भी असर डालते हैं. घर में कॉकरोच और कीड़े-मकौड़ों सिर्फ देखने में ही खराब नहीं लगते, बल्कि बैक्टीरिया भी फैला सकते हैं, जिससे खाने की स्वच्छता प्रभावित हो सकती है. हालांकि, बाजार में मिलने वाले केमिकल्स और स्प्रे तुरंत राहत देते हैं, लेकिन उनमें मौजूद केमिकल्स की गंध तेज होती है और कई बार कुछ हफ्तों बाद कॉकरोच फिर लौट आते हैं. ऐसे में अगर आप केमिकल्स से बचना चाहते हैं, तो आपके रसोई में मौजूद कुछ घरेलू चीजें भी काम आ सकती हैं. चलिए आपको बताते हैं घर से कीड़े-मकोड़े कैसे भगाएं.
कुचले हुए तेज पत्ते
तेज पत्ता खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए खूब इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन कॉकरोच इसकी गंध बिल्कुल पसंद नहीं करते. इसके लिए कुछ सूखे तेज पत्ते लें और उन्हें हाथ से हल्का कुचल लें, ताकि उनकी खुशबू और प्राकृतिक तेल बाहर आ जाएं. अब इन्हें रसोई के कोनों, दराजों के किनारों और फ्रिज या गैस जैसे उपकरणों के पीछे रख दें. तेज पत्ते की खुशबू धीरे-धीरे कॉकरोचों को उस जगह से दूर रखने में मदद कर सकती है. बेहतर परिणाम के लिए खुशबू कम होने पर इन्हें हर हफ्ते बदलते रहें.
साबुत लौंग
लौंग की तेज और तीखी खुशबू कॉकरोचों को बिल्कुल पसंद नहीं आती. इसकी गंध उनके लिए असहज होती है, इसलिए वे ऐसी जगहों से दूर रहने लगते हैं. किचन के मसाला रखने वाले कैबिनेट, सिंक के नीचे और कूड़ेदान के आसपास कुछ साबुत लौंग रख दें. इससे न सिर्फ कॉकरोच दूर रह सकते हैं, बल्कि किचन में ताजगी भरी खुशबू भी बनी रहती है.
दालचीनी पाउडर
दालचीनी की खुशबू भी कॉकरोचों को दूर रखने में मदद कर सकती है. इसके लिए खिड़कियों की चौखट, दरवाजों के किनारों और फ्रिज के पीछे जैसी जगहों पर हल्का सा दालचीनी पाउडर छिड़क दें. आप चाहें तो किचन की अलमारियों या पेंट्री में साबुत दालचीनी की स्टिक भी रख सकते हैं. इसकी सुगंध कॉकरोचों को उन जगहों से दूर रखने में मदद कर सकती है.
कॉफी की बची हुई पाउडर
सुबह की कॉफी बनाने के बाद बची हुई कॉफी पाउडर को फेंकने की बजाय इस्तेमाल में लाया जा सकता है. गीली कॉफी की तेज महक कॉकरोचों को पसंद नहीं आती. बची हुई कॉफी पाउडर को छोटी-छोटी कटोरियों में डालकर नालियों, सिंक के पास या किचन के अंधेरे कोनों में रख दें, जहां कॉकरोच अक्सर छिपते हैं. कॉफी पाउडर को हर कुछ दिनों में बदलते रहें, ताकि उसमें फफूंदी न लग जाए और उसकी खुशबू भी बनी रहे.
खट्टे फलों के छिलके
कॉकरोच को खट्टे फलों की तेज गंध बिल्कुल पसंद नहीं होती. अगली बार जब आप नींबू निचोड़ें, तो छिलकों को फेंकने के बजाय उन्हें सिंक के ड्रेन के पास, कूड़ेदान के नीचे और अंधेरी जगहों पर रख दें. जब छिलके सूख जाएं और उनकी गंध कम हो जाए, तो उन्हें बदल दें.
यह भी पढ़ें:- क्या सच में नहाते समय दो बार साबुन लगाना चाहिए? जानिए डबल क्लींजिंग का ट्रेंड कितना सही
यह भी पढ़ें:- घर पर कैसे बनाएं शैंपू, यहां जानिए नेचुरल एलोवेरा शैंपू बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं