विज्ञापन

झारखंड: पत्थर खदान की रंजिश में बहा खून, गिरिडीह में 56 वर्षीय रफीक की चाकू से गोदकर हत्या 

झारखंड के गिरिडीह में पत्थर खनन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. चाकू से गोदकर एक अधेड़ की हत्या कर दी गई. घटना के बाद गांव में तनाव है और आरोपी फरार है. पुलिस जांच और गिरफ्तारी में जुटी है. रिपोर्ट- अमर सिन्हा

झारखंड: पत्थर खदान की रंजिश में बहा खून, गिरिडीह में 56 वर्षीय रफीक की चाकू से गोदकर हत्या 
झारखंड के गिरिडीह में पत्थर खनन विवाद ने खूनी रूप ले लिया.

Jharkhand News: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. धनवार थाना क्षेत्र की गलवाती पंचायत अंतर्गत खैरीडीह गांव में 56 वर्षीय अधेड़ की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है.

मृतक की पहचान खैरीडीह गांव निवासी रफीक अंसारी के रूप में हुई है. घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है. परिजनों के अनुसार रफीक गांव में ही रहकर कामकाज करता था. हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

लंबे समय से चल रहा था खदान का विवाद

स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव में मौजूद पत्थर के खदान को लेकर रफीक अंसारी और जियाउल अंसारी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. बुधवार शाम को इसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया. पहले गाली गलौज हुई फिर बात मारपीट तक पहुंच गई.

विवाद के दौरान चाकू से किया हमला

विवाद बढ़ने के दौरान जियाउल अंसारी ने रफीक अंसारी पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू लगने से रफीक गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

हत्या की सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एसपी डॉ बिमल कुमार और एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की और मामले की जांच तेज कर दी है.

आरोपी फरार गांव में तनाव

घटना के बाद आरोपी जियाउल अंसारी फरार बताया जा रहा है. मृतक पक्ष के लोग आक्रोश में हैं और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने गांव में शांति बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है.

खोरी महुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि रफीक अंसारी की हत्या चाकू से की गई है. मुख्य आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. विवाद खदान को लेकर था या कोई अन्य कारण था इसकी जांच जारी है.

यह भी पढ़ें- राजस्थान के शिक्षा मंत्री ने 7वीं की छात्रा से पूछा 'संविधान' पर सवाल, जवाब सुनकर दी शाबाशी; अफसरों की लगी क्लास

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Giridih Murder | Stone Quarry Dispute | Jharkhand News | Dhanwar Police Station | Stabbing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com