विज्ञापन

तेजप्रताप यादव ने जिन्हें बताया 'जयचंद' वो 5 लोग कौन हैं?

तेजप्रताप यादव ने पांच लोगों मुकेश रौशन, संजय यादव, रमीज़, शक्ति सिंह और सुनील सिंह पर उनके खिलाफ साजिश रचने और अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया.

तेजप्रताप यादव ने जिन्हें बताया 'जयचंद' वो 5 लोग कौन हैं?
  • तेजप्रताप यादव ने पांच लोगों के नाम सार्वजनिक किए जिन्हें उन्होंने अपने खिलाफ साजिश रचने वाला बताया है
  • तेजप्रताप ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर भ्रामक पोस्ट वायरल किए
  • मुकेश रौशन, संजय यादव, रमीज़, शक्ति सिंह यादव और सुनील सिंह को तेजप्रताप ने साजिशकर्ता बताया है
नई दिल्ली:

तेजप्रताप यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन पांच लोगों के नाम सार्वजनिक किए जिन्हें उन्होंने “जयचंद” बताते हुए अपने खिलाफ साजिश का जिम्मेदार ठहराया है. तेजप्रताप का दावा है कि इन पांच व्यक्तियों ने मिलकर उनकी छवि खराब करने, अफवाहें फैलाने और राजनीतिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश की. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट को हैक कर पोस्ट वायरल किए गए, जिनमें उनके निजी जीवन को लेकर भ्रामक बातें थीं. तेजप्रताप के अनुसार, इसी समूह ने उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा और उन्हें मानसिक रूप से तनाव में धकेल दिया. इनमें कुछ पूर्व विधायक, एक राज्‍यसभा सांसद और पार्टी से जुड़े नजदीकी लोग शामिल हैं. तेजप्रताप ने सार्वजनिक रूप से इन्हें सीधे-सीधे साजिश का हिस्सा बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात भी कही है.

कौन हैं मुकेश रौशन?

तेजप्रताप यादव के आरोपों में सबसे प्रमुख नाम पूर्व राजद विधायक मुकेश रौशन का है. तेजप्रताप ने सार्वजनिक रूप से कहा कि साजिश रचने वाले समूह का संचालन रौशन करते हैं और यहां तक दावा किया कि वे उनकी हत्या करवाना चाहते हैं. तेजप्रताप ने उन्हें उन पांच “जयचंदों” में शामिल किया है जिन्होंने उनके अकाउंट हैक कर अफवाहें फैलवाईं. गौरतलब है कि मुकेश रौशन महुआ विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं जिस सीट पर तेजप्रताप भी दावा करते रहे हैं. दोनों ही नेता इस चुनाव में भी आमने सामने थे हालांकि दोनों को ही हार का सामना करना पड़ा.  इस सीट से  एनडीए के उम्मीदवार जीतने में सफल रहे थे. 

संजय यादव तेजस्वी यादव के रहे हैं करीबी

संजय यादव राजद के वर्तमान राज्यसभा सांसद हैं. तेजप्रताप यादव ने इन्हें भी “जयचंद” बताते हुए कहा कि ये उनके खिलाफ फैली गलत सूचनाओं और बदनाम करने वाली मुहिम का हिस्सा रहे.  संजय यादव तेजस्वी यादव के सलाहकार रहे हैं और बेहद करीबी माने जाते हैं. 

कौन हैं रमीज? 

तेजप्रताप द्वारा आरोपित पांच लोगों में रमीज़ को भी शामिल किया गया है.रमीज भी तेजस्वी यादव के करीबी माने जाते हैं.  रमीज़ ख़ान प्रथम श्रेणी के क्रिकेटर रहे हैं और उत्तर प्रदेश के बलरामपुर ज़िले में तुलसीपुर के रहने वाले हैं. लखनऊ से लगभग 250 किलोमीटर दूर तुलसीपुर नेपाल से सटा हुआ क़स्बा है. उन्होंने प्रथम श्रेणी के 30 मैच खेले थे और 1487 रन बनाए थे. तेजस्वी और रमीज़ की दोस्ती क्रिकेट के मैदान से शुरू हुई थी. तेजस्वी और रमीज़ ने दिल्ली और झारखंड में फ़र्स्ट क्लास क्रिकेट खेला है.

शक्ति सिंह यादव भी हैं राजद के पूर्व विधायक

शक्ति सिंह यादव को लालू परिवार का बेहद करीबी माना जाता है. शक्ति यादव राजद के स्टैंड को मीडिया के सामने रखते रहे हैं. साल 2015 में उन्होंने हिल्सा सीट से चुनाव जीता था.  तेजप्रताप ने इन्हें भी उन पांच “जयचंदों” की सूची में रखा है, जिन पर वह बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाते हैं.

सुनील सिंह कौन हैं?

सुनील सिंह बिहार विधान परिषद (MLC) के सदस्य हैं. तेजप्रताप यादव के अनुसार, सुनील सिंह भी उस समूह में शामिल हैं जिसने उनके नाम पर अफवाहें फैलाने और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की. सुनील सिंह के रिश्ते राबड़ी देवी के साथ रहे हैं. सुनील सिंह राबड़ी देवी से राखी बंधवाते रहे हैं, विधानपरिषद में वो राजद के पक्ष को मजबूती से रखते हैं. 

ये भी पढ़ें-: मेरा बच्चा नहीं है, अनुष्का के साथ मेरा नहीं आकाश भाटी का संबंध... लालू यादव के बेटे तेजप्रताप यादव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tej Pratap Yadav, Mukesh Roshan, Sanjay Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com