- मार्च के पहले सप्ताह में दिल्ली में 50 वर्षों का सबसे अधिक तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है
- राजस्थान, महाराष्ट्र के विदर्भ और गुजरात में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है
- पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश की संभावना है जिससे तापमान में गिरावट होगी
Weather Updates गर्मी का टार्चर मार्च के शुरुआत में ही शुरू हो गया है. दिल्ली एनसीआर में पारा 35 के पार पहुंच गया है, जो सामान्य से काफी ऊपर है. दिल्ली में पिछले 50 वर्षों में मार्च के पहले सप्ताह का सबसे गर्म दिन शनिवार को दर्ज किया गया, जब दिन का तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. उधर, राजस्थान, महाराष्ट्र के विदर्भ और गुजरात में पारा 40 के आसपास पहुंच रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली से कश्मीर तक आज गर्मी का सितम देखने को मिल सकता है. हालांकि, थोड़ी राहत की बात यह है कि आज से एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है. ऐसे में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी इलाकों में बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली से कश्मीर तक गर्मी का टार्चर
मौसम वैज्ञानिक डॉ. शशिकांत मिश्रा ने बताया, 'देशभर में गर्मी बढ़ रही है. दिन का जो अधिकतम तापमान है, वो सामान्य से 5 से 8 डिग्री सेल्सियस जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मुख्य रूप से ज्यादा बने रहने की संभावना आने वाले तीन दिनों में है. मैदानी क्षेत्र पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस सामान्य से ज्यादा रह सकते हैं. 10 तारीख तक और उसके बाद उनमें गिरावट दो से 3 डिग्री सेल्सियस की आने की संभावना है.

डॉ. शशिकांत मिश्रा ने बताया, 'एक पश्चिम विक्षोभ आज से प्रभावित कर सकता है. इसके प्रभाव में 9 से 11 तारीख के बीच में पश्चिमी क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना है. मुख्य रूप से वर्षा जम्मू कश्मीर में होने की संभावना है. इसका कुछ प्रभाव मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल सकता है. तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है. उधर, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में मार्च की शुरुआत में ही आसमान से आग बरसनी शुरू हो गई है. यहां तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. ऐसी ही स्थिति गुजरात में भी देखने को मिल रही है.
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली एनसीआर के लोगों को अब गर्मी के प्रचंड के लिए तैयार रहना चाहिए, क्योंकि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का ही अनुमान है. इसके बाद पारा बढ़ता ही चला जाएगा. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, इस बार सामान्य से ज्यादा गर्मी देखने को मिल सकती है. इससे पहले रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है.

मार्च में पहाड़ी इलाकों में चल रही लू!
उत्तर भारत का मौसम कितनी तेजी से बदल रहा है, इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि रविवार को पहाड़ी राज्यों में हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला और भुंतर में 'तीव्र लू' दर्ज की गई, जबकि सुंदरनगर में भी लू का अनुभव हुआ. राज्य के अधिकांश स्टेशन पर न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से सात डिग्री अधिक था, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 3-12 डिग्री अधिक था. शिमला मौसम कार्यालय ने सोमवार को तीन जिलों - कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है. कश्मीर में भी रविवार को दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा, जिसमें तापमान 9.4 से 10.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9.6 डिग्री अधिक है. दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग स्थित पहलगाम पर्यटक स्थल में अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 9.4 डिग्री अधिक है. पर्यटक स्थल पहलगाम वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविरों में से एक है. उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 9.6 डिग्री अधिक है.
राजस्थान में पारा पहुंचा 40 डिग्री सेल्सियस
राजस्थान में दो स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि कई अन्य स्थानों पर यह आंकड़ा इसके करीब था. राज्य में सबसे गर्म स्थान झुंझुनू जिले का पिलानी रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद बाड़मेर में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. भारत मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गर्म मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है. पंजाब और हरियाणा में भी तापमान सामान्य से अधिक रहा. दोनों राज्यों में हरियाणा का हिसार सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक था. दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है.

ये भी पढ़ें :- धधकता मार्च! दिल्ली में टूटा 50 साल का रिकॉर्ड, जानें यूपी से लेकर महाराष्ट्र का क्या हाल
उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में मार्च की शुरुआत में मौसम असामान्य रूप से गर्म रहने की संभावना है और आने वाले दिनों में कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग ने सोमवार को लखनऊ और आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहने और धूप वाला दिन रहने का पूर्वानुमान जताया है. विभाग के अनुसार अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 डिग्री सेल्सियस और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें :- मार्च में ही रिकॉर्डतोड़ गर्मी, दिल्ली-यूपी से पंजाब तक लू की आहट, जानें मौसम का हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं