- विशाखापट्टनम में 6 साल के बच्चे की स्कूल में थप्पड़ मारने के बाद मौत हुई है, जिससे समाज में चिंता बढ़ी है.
- स्कूल शिक्षा विभाग ने इस घटना को दुखद बताया और जांच के लिए तीन सदस्यों की विशेष कमेटी का गठन किया है.
- कमेटी में रीजनल जॉइंट डायरेक्टर, DEO और रेवेन्यू डिविजनल ऑफिसर शामिल हैं जो मामले की गहन जांच करेंगे.
टीचर के थप्पड़ से 6 साल के बच्चे की मौत मामले को लेकर सनसनी मची है. इस बीच सरकार ने एक जांच कमेटी का गठन किया है. आंध्र प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद बताया है. मालूम हो कि आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से गुरुवार को यह घटना सामने आई थी. शुरुआती जानकारी के अनुसार विशाखापट्टनम के लिटिल गार्डन स्कूल में 6 साल के एक बच्चे की मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर स्कूल की एक शिक्षिका ने उसे डंडे से पीटा, जिसके बाद वह कक्षा में ही बेहोश होकर गिर पड़ा.
जांच के लिए तीन सदस्यों की कमेटी गठित
स्कूल शिक्षा विभाग ने इस मामले में तीन सदस्यों की एक कमेटी बनाई है. जो पूरे मामले की जांच करेंगे. शिक्षा विभाग ने कहा, "सरकार इस घटना को गंभीरता से ले रही है." विभाग ने आगे बताया कि घटना के तुरंत बाद, संबंधित शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जांच की और एक शुरुआती रिपोर्ट सौंपी। उस शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर, तथ्यों की अच्छी तरह से जांच करने के लिए तीन सदस्यों की एक कमेटी बनाई गई.
'आगे ऐसी घटनाएं नहीं हो, इसलिए चलेगा जागरूकता अभियान'
इस कमेटी में विशाखापत्तनम के रीजनल जॉइंट डायरेक्टर (RJD), डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिसर (DEO) और रेवेन्यू डिविजनल ऑफिसर (RDO) शामिल होंगे. साथ ही, विभाग ने कहा कि जरूरी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं ताकि शिक्षक छात्रों के साथ संवेदनशीलता, ज़िम्मेदारी और मानवीय तरीके से पेश आएं.
संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाएं. यह भी बताया गया है कि तीन सदस्यों वाली कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे उचित कदम उठाए जाएंगे.
सुबह पूरी तरह स्वस्थ था बच्चाः परिजन
परिजनों के अनुसार 6 साल का प्रणय गुरुवार सुबह पूरी तरह स्वस्थ था. बच्चे के पिता ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे बेटा खुद स्कूल जाने की जिद कर रहा था. पहले परिवार ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन परीक्षाएं नजदीक होने के कारण उसे स्कूल भेज दिया गया. पिता के मुताबिक, घर से निकलते समय बच्चे को किसी तरह की बीमारी, बुखार या स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या नहीं थी. वह पिछली रात भी सामान्य रूप से खेल रहा था और सुबह खुश होकर स्कूल गया था.
यह भी पढ़ें - टीचर ने थप्पड़ मारा, डांट लगाई, क्लास में ही गिर पड़ा.. 6 साल के बच्चे की स्कूल में मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं