- बीजेपी ने यूपी चुनाव की तैयारी के लिए डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के तहत कार्यकर्ताओं की ऑनलाइन परीक्षा कराई
- यूपी के लगभग 90 प्रतिशत कार्यकर्ता इस परीक्षा में सफल रहे और पार्टी ने उन्हें डिजिटल सर्टिफिकेट दिए
- परीक्षा सरल ऐप पर आयोजित की गई थी जिसमें संघ, भाजपा के इतिहास, संगठन विकास और चुनाव संबंधी सवाल शामिल थे
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है. बीजेपी ने पार्टी के इतिहास और उसकी कार्य संस्कृति को जांचने परखने के लिए एक अभियान चलाया जिसका नाम रखा डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम. इस अभियान में ट्रेनिंग के बाद एक ऑनलाइन परीक्षा कराई गई, जिसमें यूपी के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन सबसे अव्वल रहा. यूपी के 90 प्रतिशत कार्यकर्ता इन परीक्षाओं में सफल रहे.
बीजेपी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कर रही कोशिश
बीजेपी उत्तर प्रदेश में तीसरी बार लगातार विधानसभा चुनाव जीतने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश कर रही है. इस बीच बीजेपी ने पार्टी के इतिहास और उसकी कार्यसंस्कृति को परखने के लिए एक ऑनलाइन परीक्षा में कराई जिसमें मध्य प्रदेश को पछाड़ते हुए यूपी पहले स्थान पर काबिज हो गया. ये परीक्षा बीजेपी के सरल ऐप पर कराई गई. यूपी के 90 प्रतिशत कार्यकर्ता इन परीक्षाओं में सफल रहे.
सरल ऐप पर ली गई ऑनलाइन परीक्षा
बीजेपी कार्यकर्ताओं की परीक्षा सरल ऐप पर ली गई थी. उनसे संघ और भाजपा के इतिहास, सांगठनिक विकास, उपलब्धियों, पार्टी के गठबंधन और राज्यों के चुनाव के संबंध में सवाल पूछे गए थे. इसमें सवाल पार्टी की स्थापना, पार्टी के नेताओं, संघ की स्थापना और कार्यसंस्कृति जैसे विषय शामिल थे. लगभग 70 सवाल देकर कार्यकर्ताओं से ऑनलाइन पेपर देने को कहा गया था. परीक्षा पास करने वाले कार्यकर्ताओं को डिजिटल सर्टिफिकेट दिए गए हैं.
बताया जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लखनऊ दौरे पर रहने के दौरान इसकी समयावधि बढ़ाते हुए कार्यकर्ताओं की डिजिटल परीक्षा करवाने के निर्देश दिए थे. डिजिटल लर्निंग के लिए छह से 28 जुलाई के बीच यूपी में 5.34 लाख ने परीक्षा दी, जिसमें से तकरीबन 4.82 लाख पास हुए. सभी छह मोर्चों के पदाधिकारियों ने भी परीक्षा में हिस्सा लिया.
यह भी पढ़ें: सपा पर क्यों 'मुलायम' हुए चंद्रशेखर आजाद? एक बयान से लग रहे कयास; ओवैसी के इरादों की भी चर्चा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं