विज्ञापन

ट्विशा शर्मा केस में बड़ा एक्शन, CBI ने पति समर्थ को कस्टडी में लिया

भोपाल की ट्विशा शर्मा डेथ केस में सीबीआई ने पति समर्थ को कस्टडी में लिया है. जांच में दहेज, गर्भपात और मानसिक प्रताड़ना के आरोप सामने आए हैं, जबकि समर्थ ने पत्नी की बीमारी का हवाला दिया है.

ट्विशा शर्मा केस में बड़ा एक्शन, CBI ने पति समर्थ को कस्टडी में लिया
नई दिल्ली:

भोपाल की ट्विशा शर्मा डेथ केस में जांच तेज हो गई है. केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मामले में बड़ा कदम उठाते हुए आरोपी समर्थ को अपनी कस्टडी में ले लिया है. जानकारी के मुताबिक, CBI की टीम समर्थ को वापस कटारा हिल्स थाने लेकर जा रही है, जहां उससे आगे पूछताछ की जाएगी.

इस कार्रवाई को केस में अहम मोड़ माना जा रहा है, क्योंकि एजेंसी अब घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने और मौत के पीछे की असल वजह तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है. जांच एजेंसियां समर्थ से घटना के दिन और उससे जुड़े सभी पहलुओं पर गहन पूछताछ कर रही हैं.

इस बीच, जांच के दौरान समर्थ के व्यवहार और बयानों ने केस को और उलझा दिया है.

घर पर ले जाने पर भावुक हुआ समर्थ

सूत्रों के मुताबिक, जब SIT टीम समर्थ को दस्तावेज लेने उसके घर लेकर पहुंची, तो वह फूट-फूटकर रोने लगा. अधिकारियों के सामने उसने कहा कि ट्विशा की मौत की 90% जांच घर तक सीमित है, अगर 10% बाहर भी देख लिया जाए तो पूरा सच सामने आ जाएगा.

अंतिम संस्कार को लेकर भी उठाए सवाल

समर्थ ने ट्विशा के अंतिम संस्कार को लेकर भी दर्द जताया. उसने अधिकारियों से कहा, 'क्या मुझे उसका चेहरा आखिरी बार देखने का अधिकार नहीं था?' बताया जा रहा है कि मौत के 13 दिन बाद पहली बार वह इस तरह भावुक नजर आया.

यह भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा की मौत के 13 दिन बाद पहली बार फूट-फूट कर रोया पति समर्थ, किए कई चौंकाने वाले खुलासे

CBI FIR में गंभीर आरोप

वहीं, CBI की री-रजिस्टर एफआईआर में ट्विशा के परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि शादी में हैसियत से ज्यादा दहेज दिया गया था. विदाई के वक्त सास गिरीबाला सिंह को 2 लाख रुपये नकद दिए गए, इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही. परिवार का आरोप है कि अप्रैल 2026 में ट्विशा के गर्भवती होने पर पति समर्थ और सास ने उसके चरित्र पर सवाल उठाए और बच्चे को 'दूसरे का' बताकर जबरन गर्भपात कराया.

मौत से पहले क्या हुआ?

12 मई 2026 को बागमुंडलिया स्थित घर में ट्विशा का शव संदिग्ध हालात में मिला. परिजनों का आरोप है कि घटना की रात उनके बार-बार फोन करने के बावजूद सास ने बात नहीं करवाई और कॉल काट दी. उनका दावा है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर ट्विशा ने आत्मघाती कदम उठाया.

10 घंटे की पूछताछ, कई दावे

CBI कस्टडी से पहले पुलिस रिमांड के दौरान 3 दिनों में करीब 10 घंटे समर्थ से पूछताछ हुई, जिसमें उसने कई दावे किए. समर्थ का कहना है कि ट्विशा ‘बायपोलर' और ‘एडजस्टमेंट डिसऑर्डर' से पीड़ित थी और डॉक्टर की सलाह पर दवाएं ले रही थी. उसने गर्भपात को भी ट्विशा का फैसला बताया.

व्हाट्सएप चैट से कमजोर पड़ रही सफाई

हालांकि, ट्विशा के व्हाट्सएप मैसेज इस दावे के उलट तस्वीर पेश करते हैं. मैसेज में समर्थ द्वारा प्रेग्नेंसी को लेकर आपत्तिजनक सवाल उठाने की बात सामने आई है, जिससे उसकी दलीलें कमजोर पड़ती दिख रही हैं. अब CBI की टीम सीन री-क्रिएशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि ट्विशा की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और साजिश.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com