तृणमूल कांग्रेस (TMC) की राज्यसभा सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यसभा के सभापति को सौंप दिया है. कोयल मल्लिक अप्रैल महीने में ही टीएमसी से राज्य सभा सांसद बनी थी.
सूत्रों के मुताबिक, TMC की राज्यसभा सांसद कोयल मल्लिक ने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा चेयरमैन सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया है. कोएल मल्लिक के इस्तीफे के बाद राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसदों की संख्या घटकर 9 रह गई. खास बात ये है कि कोयल मलिक ने 6 अप्रैल 2026 को पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी. उन्होंने महज तीन महीने में टीएमसी के साथ-साथ राज्यसभा की सदस्यता भी छोड़ दी.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सुखेंदु शेखर राय, प्रकाश चिक बराइक और सुष्मिता देव ने टीएमसी से इस्तीफा दे दिया था. कुछ दिन पहले बीजेपी ने उन्हें पश्चिम बंगाल से ही पार्टी का कैंडिडेट बना दिया. अब कोयल मल्लिक ने पार्टी से इस्तीफा दिया है. उनकी बीजेपी के कद्दावर नेता भूपेंद्र यादव के साथ मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई है.
मॉनसून सत्र से पहले बीजेपी लोकसभा से लेकर राज्यसभा में नंबर बढ़ाने में जुटी है. कुछ दिन पहले टीएमसी के 20 लोकसभा सांसद ने पार्टी का दामन छोड़ दिया था. ये सभी सांसद NCPI में मर्जर कर गए. अब ये एनडीए का समर्थन कर रहे हैं.
राजनीति में आने से पहले कोयल मलिक बंगाली फिल्म उद्योग का एक बेहद चर्चित और लोकप्रिय चेहरा रही हैं. उन्हें टॉलीवुड की 'टॉली-क्वीन' भी कहा जाता है. पिछले दो दशकों से वह बंगाली सिनेमा की सबसे सफल अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं.
उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 2003 में सुपरहिट फिल्म 'नेटर गुरु' से की थी. इसके बाद 'बंधन' (2004), 'शुभदृष्टि' (2005), 'पागलू' (2011), 'हेमलॉक सोसाइटी' (2012) और 'मितिन माशी' थ्रिलर सीरीज (2019) जैसी कई सफल फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाकर दर्शकों के दिलों में खास पहचान बनाई.
कोयल मलिक को अपने शानदार अभिनय के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मान भी मिल चुके हैं. उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड बांग्ला, दो बीएफजेए अवॉर्ड और साल 2023 में पश्चिम बंगाल सरकार का प्रतिष्ठित 'महानायक सम्मान' प्रदान किया गया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं