विज्ञापन

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: गर्लफ्रेंड ने की थी आरोपी प्रेमी की मदद, अपने बैग में पिस्तौल लेकर पुहंची थी मुंबई

Tiger Shroff Firing Case: जांच में यह भी सामने आया है कि कुणाल ने कथित तौर पर अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस हासिल किए थे. फिर इसे राधा के बैग में दिल्ली से मुंबई भेजा. राधा ने मुंबई में इसकी डिलीवरी की.

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: गर्लफ्रेंड ने की थी आरोपी प्रेमी की मदद, अपने बैग में पिस्तौल लेकर पुहंची थी मुंबई
PTI

मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे साजिश की नई परतें खुल रही हैं. अब इस मामले में एक चौंकाने वाला 'लव एंगल' सामने आया है. जांच में पता चला है कि आरोपी कुणाल ने अपनी प्रेमिका राधा को हथियारों की सप्लाई चेन का हिस्सा बनाया और उसी के कहने पर राधा की दोस्त बबीता के साथ दिल्ली से मुंबई पिस्तौल लेकर पहुंची थी. इतना ही नहीं, दोनों महिलाओं के मुंबई पहुंचने पर होटल में ठहरने की व्यवस्था भी कुणाल ने ही कराई थी.

जांच में क्या सामने आया?

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और मुंबई पुलिस की जांच के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल और सुमित के साथ उत्तर प्रदेश की रहने वाली राधा और बबीता शामिल हैं. जांच एजेंसियों का दावा है कि कुणाल का राधा के साथ लव अफेयर था और इसी रिश्ते का इस्तेमाल उसने कथित तौर पर हथियार मुंबई पहुंचाने के लिए किया.

पुलिस के अनुसार, करीब दो महीने पहले कुणाल की मुलाकात राधा से हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. जांच में सामने आया है कि कुणाल ने राधा को अपनी गतिविधियों के बारे में बताया और फिर उसे मुंबई तक हथियार पहुंचाने के लिए राजी कर लिया.

प्रेमिका के बैग में रखी गई थी पिस्तौल

जांच एजेंसियों के मुताबिक, 15 अक्टूबर को कुणाल खुद राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचा था. इसी दौरान कथित तौर पर पिस्तौल राधा के बैग में रखी गई. ट्रेन यात्रा के दौरान भी कुणाल दोनों महिलाओं के संपर्क में रहा और उन्हें लगातार निर्देश देता रहा.

मुंबई पहुंचने के बाद राधा और बबीता दादर इलाके के एक होटल में रुकीं. पुलिस का कहना है कि इस होटल में ठहरने की व्यवस्था भी कुणाल ने ही की थी. जांच के मुताबिक, बाद में एक नाबालिग लड़का होटल के पास पहुंचा और राधा से वह बैग ले गया, जिसमें हथियार रखा हुआ था.

लंबा है हथियारों का ट्रेल

जांच में यह भी सामने आया है कि कुणाल ने कथित तौर पर अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस हासिल किए थे. इस काम में उसका साथी सुमित भी शामिल था. पुलिस को शक है कि यही हथियार आगे हमलावरों तक पहुंचाया गया. अधिकारियों के मुताबिक, हथियारों की सप्लाई, आरोपियों की आवाजाही और फायरिंग के बाद बच निकलने का प्लान एक बड़े नेटवर्क के तहत तैयार की गई थी. इसी कड़ी में राधा और बबीता की भूमिका जांच एजेंसियों के लिए अहम मानी जा रही है.

कैसे हुई गिरफ्तारियां?

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया, जबकि कुणाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से पकड़ा गया. बाद में चारों को मुंबई पुलिस की सीआईडी टीम ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया.

क्या है पूरा मामला?

18 अक्टूबर को मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की गई थी. इससे पहले मामले में तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया जा चुका है. जांच के दौरान पुलिस हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क तक पहुंची, जिसके बाद दिल्ली और हरियाणा से चार नए आरोपियों की गिरफ्तारी हुई. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि साजिश की कमान किसके हाथ में थी और इस हमले की पूरी योजना कैसे तैयार की गई.

यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ केस में ताबड़तोड़ एक्शन जारी; समीर-जतिन नाम के दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 10 अरेस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tiger Shroff, Radha Babita, Mumbai Firing Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com