- दिल्ली के महरौली में पांच मंजिला इमारत अचानक कुछ सेकेंड्स में पूरी तरह ढह गई
- इमारत गिरने का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में डर फैल गया है
- इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है लेकिन जांच जारी है
दिल्ली के महरौली (सैदुल्लाहजाब) इलाके से एक बेहद खौफनाक वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. यहां शनिवार शाम को एक भारी-भरकम पांच मंजिला कमर्शियल इमारत महज कुछ ही सेकेंड के भीतर ताश के पत्तों की तरह भरभराकर जमींदोज हो गई थी. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे इमारत गिरते ही चारों तरफ धूल का एक विशाल गुबार उठ खड़ा हुआ और पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई. जिस वक्त यह हादसा हुआ, सड़क पर कुछ लोग और गाड़ियां गुजर रही थीं, जिन्होंने भागकर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई.
इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है. दिल्ली नगर निगम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी कार्रवाई की है और क्षेत्र के संबंधित असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. अधिकारियों पर यह कार्रवाई इलाके में अवैध निर्माण या बिल्डिंग की जर्जर स्थिति पर नजर न रखने और लापरवाही बरतने के चलते की गई है.
दिल्ली के महरौली में चंद सेकेंड में ढही पांच मंजिला इमारत, सामने आया खौफनाक वीडियो#Delhi pic.twitter.com/U8y1kjKzYZ
— NDTV India (@ndtvindia) May 31, 2026
वीकेंड होने के कारण कई ऑफिस बंद
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7:44 बजे दमकल विभाग को इमारत गिरने की सूचना मिली थी. चूंकि यह एक कमर्शियल बिल्डिंग थी और इसमें कुछ ऑफिस संचालित हो रहे थे, इसलिए हादसे के वक्त वहां लोगों की मौजूदगी थी. हालांकि, वीकेंड होने के कारण कई ऑफिस समय से पहले बंद हो चुके थे, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया.
युद्ध स्तर पर जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग की गाड़ियां और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें मौके पर पहुंच गईं. मलबे को हटाने और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए रात से ही युद्ध स्तर पर बचाव अभियान शुरू हो गया था. रेस्क्यू टीमों ने अब तक मलबे से 3 से 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही. मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका के चलते NDRF की टीम आधुनिक उपकरणों और खोजी कुत्तों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया.
जवाबदेही तय करने में जुटा प्रशासन
MCD द्वारा AE और JE को सस्पेंड किए जाने के बाद अब इस बात की भी गहन जांच की जा रही है कि कमर्शियल गतिविधियों के लिए इस्तेमाल हो रही इस पांच मंजिला इमारत के निर्माण में नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ था. स्थानीय प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में गिरी पांच मंजिला इमारत, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका; NDRF ने शुरू किया रेस्क्यू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं