- भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप जीता.
- टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम बनकर इतिहास रचा.
- सूर्यकुमार यादव, गौतम गंभीर और जय शाह ने खिताब जीतने के बाद हनुमान मंदिर जाकर आशीर्वाद लिया.
भारत की टी20 विश्व कप जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे और भगवान का आशीर्वाद लिया. रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हरा दिया. टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया और घरेलू मैदान पर खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम बन गई है.
खिताब जीतने के बाद, सूर्या, गंभीर और शाह ने भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिया. इस दौरान कप्तान सूर्य कुमार यादव के हाथों में टी20 विश्व कप की ट्रॉफी भी देखने को मिली.
#WATCH | Gujarat: ICC Chairman Jay Shah, Team India Head Coach Gautam Gambhir, along with Skipper Surya Kumar Yadav, offered prayers at the Hanuman Temple in Ahmedabad.
— ANI (@ANI) March 8, 2026
The Men in Blue crushed New Zealand by 96 runs to lift the #ICCT20WorldCup2026 pic.twitter.com/71SWAraDre
भारत ने खड़ा किया विशाल स्कोर
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया. हालांकि अभिषेक शर्मा (21 गेंदों में 52 रन, छह चौके और तीन छक्के) के शानदार फॉर्म में वापसी करते हुए रिकॉर्ड तोड़ अर्धशतक और सैमसन के साथ उनकी 98 रन की साझेदारी ने न्यूजीलैंड के फैसले को गलत साबित कर दिया. बाद में सैमसन ने ईशान किशन (25 गेंदों में 54 रन, चार चौके और चार छक्के) के साथ शतकीय साझेदारी की और भारत को 16वें ओवर में 200 रन के पार पहुंचाया. संजू सैमसन ने (46 गेंदों में 89 रन, पांच चौके और आठ छक्के) तूफानी पारी खेली. थोड़ी धीमी शुरुआत के बाद शिवम दुबे (आठ गेंदों में नाबाद 26 रन, तीन चौके और दो छक्के) ने कुछ महत्वपूर्ण रन बनाकर भारत को 255/5 के स्कोर तक पहुंचाया, जो टी20 विश्व कप फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा. वहीं न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर आल आउट हो गई.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup के फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत पर पाकिस्तान के अखबारों ने क्या छापा?
न्यूजीलैंड की 96 रनों से करारी हार
अक्षर पटेल (3/23) और जसप्रीत बुमराह (4/15) ने न्यूजीलैंड को एक वक्त पर 72 रनों पर 5 विकेट गिरा दिए. हालांकि टिम सीफर्ट के अर्धशतक (26 गेंदों में 52 रन, दो चौके और पांच छक्के सहित) से टीम कुछ संभली. डैरिल मिशेल (17) और कप्तान मिशेल सैंटनर (35 गेंदों में 43 रन, तीन चौके और दो छक्के सहित) के बीच संक्षिप्त साझेदारी के बावजूद भारत लगातार विकेट लेता रहा और न्यूजीलैंड की टीम को 96 रनों से हार झेलनी पड़ी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं