विज्ञापन
This Article is From Jun 17, 2025

BJP ने जिस नेता पर अंडरवर्ल्ड से रिश्ते का लगाया था आरोप, अब उसी को पार्टी में किया शामिल, गरमाई महाराष्ट्र की राजनीति

बडगुजर के खिलाफ 17 आपराधिक मामले बताए जाते हैं. सबसे बड़ा आरोप है, अंडरवर्ल्ड से रिश्ते का है. सुधाकर बडगुजर पर दाऊद इब्राहिम के खास गुर्गे सलीम कुट्टा के साथ संबंध होने के आरोप खुद भाजपा नेताओं ने लगाए थे.

BJP ने जिस नेता पर अंडरवर्ल्ड से रिश्ते का लगाया था आरोप, अब उसी को पार्टी में किया शामिल, गरमाई महाराष्ट्र की राजनीति
शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के नेता सुधाकर बडगुजर भाजपा में शामिल हो गए हैं.

Sudhakar Badgujar Join BJP: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शिव सेना उद्धव ठाकरे गुट के जिस नेता पर अंडरवर्ल्ड से रिश्ते के बड़े आरोप लगाए थे, आज उसे ही पार्टी में शामिल कर लिया है. इस नेता का नाम है सुधाकर बडगुजर. फैसले से बीजेपी के भीतर थोड़ी असहजता दिखती है लेकिन पार्टी के बड़े नेताओं के सुर अब बदल चुके हैं. महाराष्ट्र में महापालिका चुनाव से पहले की यह सियासी कवायद विपक्ष को बीजेपी के चाल-चरित्र-चेहरे पर सवाल उठाने का मौक़ा दे चुकी है. विपक्ष तो छोड़िए खुद भाजपा के विधायक भी बडगुजर को पार्टी में शामिल किए जाने पर सवाल उठाते नजर आए. 

सुधाकर बडगुजर को भाजपा में शामिल करने को लेकर दिखी असमंजस

सुधाकर बडगुजर को भाजपा में शामिल करने को लेकर दिन में असमंजस की स्थिति भी दिखी, क्योंकि महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने नागपुर में पत्रकारों को बताया था कि उन्हें सत्तारूढ़ पार्टी में बडगुजर के शामिल होने की जानकारी नहीं है लेकिन बाद में उन्होंने खुद मुंबई स्थित पार्टी कार्यालय में दोनों नेताओं को पार्टी में शामिल कराया.

दाउद इब्राहिम के खास सलीम कुट्टा के साथ वायरल हुई थी सुधाकर की तस्वीर

मंगलवार को सुधाकर बडगुजर भले ही भाजपा में शामिल हो गए हो, लेकिन लोगों की जेहन में 2023 का वो मामला भी कैद है, जिसके बाद बडगुजर पर अंडरवर्ल्ड से रिश्ते का संगीन आरोप लगा था. दरअसल दिसंबर 2023 में बीजेपी नेता नितेश राणे ने सुधाकर बडगुजर की अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम के खास सलीम कुट्टा के साथ नाचते एक तस्वीर मीडिया के सामने लहराई थी!

लेकिन आज वही नितेश राणे ने बडगुजर को भाजपा में शामिल होने के बाद कहा- स्वागत है, हिंदुत्व के लिए काम करेंगे.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- मतभेद होते है लेकिन मनभेद नहीं

सुधाकर के भाजपा में शामिल होने के बाद महाराष्ट्र के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि पार्टी को उनके प्रवेश से बड़ी जीत मिलेगी. भाजपा में कोई भी प्रवेश भाजपा के विकास के लिए होता है. नासिक के विकास के लिए बिना किसी अपेक्षा के यह प्रवेश किया गया. मतभेद होते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होते! आखिर में जब हम चुनाव के लिए एक-दूसरे के खिलाफ लड़ते हैं, तो हमें अपनी पार्टी का स्टैंड लेना पड़ता है.

Latest and Breaking News on NDTV

सुधाकर के साथ-साथ पूर्व मंत्री बबनराव घोलप भी भाजपा में शामिल

बताते चले कि उद्धव गुट को नासिक में झटका देते हुए बीजेपी ने उनके वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बबनराव घोलप को भी पार्टी में प्रवेश कराया है. लेकिन ज्यादा विवाद सुधाकर बडगुजर को लेकर है. क्योंकि बडगुजर की बैक हिस्ट्री काफी दागदार है. बडगुजर की बीजेपी में हुई एंट्री नगर निगम चुनावों के रण में उतरने की क़वायद का हिस्सा है.

भाजपा में शामिल होकर क्या बोले सुधाकर बडगुजर

भाजपा में शामिल होने के बाद सुधाकर बडगुजर ने कहा कि आज मैं भाजपा में शामिल हुआ, मैं सम्मान के साथ शामिल हुआ. इसके लिए मैं भाजपा और देवेंद्र फडणवीस को धन्यवाद देता हूं. मुझे नहीं पता कि अब तक पार्टी को क्या जानकारी दी गई थी. हालांकि, मैं निर्दोष हूं,. नगर निगम चुनाव में दूध का दूध, पानी का पानी होगा.

सुधाकर बडगुजर पर 17 आपराधिक मामले, अंडरवर्ल्ड से रिश्ते का भी दावा

  • बडगुजर के खिलाफ 17 आपराधिक मामले बताए जाते हैं. सबसे बड़ा आरोप है, अंडरवर्ल्ड से रिश्ते का है. 
  • सुधाकर बडगुजर पर दाऊद इब्राहिम के खास गुर्गे सलीम कुट्टा के साथ संबंध होने के आरोप खुद भाजपा नेताओं ने लगाए थे.
  • सलीम कुत्ता का पूरा नाम मोहम्मद सलीम मीरा शेख है, जिसे 1993 सीरियल ब्लास्ट मामले में शामिल पाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी.
  • ख़बरें फैली की सलीम कुत्ता ने अपनी पैरोल के दौरान एक पार्टी का आयोजन किया था, इस पार्टी में उद्धव ठाकरे की शिवसेना के नेता मौजूद थे, नितेश राणे ने दावा किया कि उनके पास पार्टी के वीडियो हैं.

नासिक पश्चिम की भाजपा विधायक ने उठाए सवाल

नासिक पश्चिम की विधायक सीमा महेश हिरे ने बडगुजर के पार्टी में शामिल होने पर खुलकर आपत्ति जताई है. सीमा महेश हिरे ने कहा कि उनके प्रवेश के बारे में हमारे साथ कोई चर्चा या परामर्श नहीं हुआ है. मैंने उनके खिलाफ दो बार चुनाव लड़ा है, और उन्होंने हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान किया है और वरिष्ठ नेताओं का अपमान किया है.

संजय राऊत का तीखा तंज- अब दाऊद को भी भाजपा में शामिल कराया जाएगा

अब जिनके गुट से होते “बड़गुज़र” गुज़रे, उन्हें भी खूब चुभ रहे हैं! पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उद्धव गुट शिवसेना से निकाले गए नेता को बीजेपी में प्रवेश करता देख संजय राउत फिर बिदक गए. संजय राउत ने कहा कि फिलहाल दाऊद इब्राहिम को शुद्ध करके पार्टी में लाने की प्रक्रिया चल रही होगी. ये उनकी विचारधारा है! दाऊद इब्राहिम, अलकायदा पर आरोप लगेंगे और फिर बाद में उन्हें पार्टी में ले लिया जाएगा. अगले कुछ महीनों में दाऊद के गुर्गे भी ले लिए जाएंगे...दाऊद इब्राहिम, छोटा शकील भाजपा में शामिल होंगे और उसके लिए प्रचार करेंगे.

सुधाकर को भाजपा में शामिल कराने का क्या होगा लाभ

हालांकि नासिक की सियासत को करीब से समझने वाले लोगों ने बताया कि सुधाकर बडगुजर के भाजपा में शामिल होने से नासिक के सिडको क्षेत्र में बीजेपी को मजबूती मिलने की उम्मीद दिखती है. लेकिन एक और विवादास्पद व्यक्ति के साथ जुड़ाव, बीजेपी के चाल-चरित्र -चेहरे पर फिर बड़े सवाल उठाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra Politics, Maharashtra BJP, Maharashtra BJP Chief, Sudhakar Badgujar, Sudhakar Badgujar Joins BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com