विज्ञापन

राज्यपाल से मिले सम्राट चौधरी, पेश किया सरकार बनाने का दावा, कल लेंगे CM पद की शपथ

सम्राट चौधरी बिहार के नए सीएम बनने जा रहे हैं. विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है.

राज्यपाल से मिले सम्राट चौधरी, पेश किया सरकार बनाने का दावा, कल लेंगे CM पद की शपथ
  • बिहार में जदयू के नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई
  • बीजेपी विधायक दल ने सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से अपना नेता चुना और वे जल्दी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे
  • नीतीश कुमार ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपते हुए सम्राट चौधरी को आशीर्वाद देकर माला पहनाई

बिहार की राजनीति में आज का दिन सियारी सरगर्मी वाला रहा है. जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद अब नई सरकार के गठन की कवायद शुरू हो गई है. सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है. इसके बाद उन्होंने लोकभवन में राज्यपाल से मुलाकात करके सरकार बनाने का दावा पेश किया है. कल सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

बीजेपी ने चुना विधायक दल का नेता

अब सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी बुधवार को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इससे पहले पटना के भाजपा कार्यालय में राज्य के पर्यवेक्षक और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विधायक दल की बैठक हुई. बैठक में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत सभी बड़े नेता मौजूद थे. इस बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिए जाने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने नेता के तौर पर सम्राट चौधरी के नाम का ऐलान किया.

नीतीश कुमार का लिया आशीर्वाद

दोपहर में नीतीश कुमार राज्यपाल से मिले और मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे दिया. इसके बाद NDA विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया गया. नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को माला पहनाकर स्वागत किया. वहीं सम्राट ने पैर छूकर नीतीश का आशीर्वाद लिया.

नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी. तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं. सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है, चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो या महादलित हो, सभी के लिए काम किया गया है. हर क्षेत्र में काम हुआ है, चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो या कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है."

यह भी पढ़े: मदरसे में पढ़ाई, क्रिकेट खेलने में अव्वल... गांव के दोस्तों ने बताई सम्राट चौधरी के बचपन की कहानी

पार्टी के शीर्ष नेताओं का जताया आभार

विधायक दल का नेता चुने जाने पर सम्नाट चौधरी ने बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित ऐतिहासिक बैठक में, पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. सभी साथियों द्वारा सर्वसम्मति से मुझ पर व्यक्त किए गए इस विश्वास के लिए हृदय से आभार एवं अभिनंदन किया. इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जी, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े समेत सभी सीनियर नेताओं ने भरोसा दिखाया.

यह भी पढ़ें: VIDEO: नीतीश ने पहनाई माला, तो सम्राट ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद,चुने गए NDA विधायक दल के नेता

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Samrat Chaudhary, Samrat Chaudhary BIhar, Samrat Chaudhary Bihar Cm, Samrat Chaudhary Caste, Samrat Chaudhary Family
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com