विज्ञापन

स्नाइपर से लेकर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती तक... आतंकी हमले के अलर्ट के बीच बढ़ाई गई लालकिले की सुरक्षा

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा एक बार फिर भारत में बड़ी साजिश को अंजाम देने में लगा है. हालांकि, उसकी हर साजिश को नाकाम करने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से तैनात हैं.

स्नाइपर से लेकर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती तक... आतंकी हमले के अलर्ट के बीच बढ़ाई गई लालकिले की सुरक्षा
दिल्ली में लालकिले की बढ़ाई की सुरक्षा व्यवस्था
NDTV
  • खुफिया एजेंसियों ने लाल किले और देश के बड़े मंदिरों पर आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया है
  • लश्कर-ए-तैयबा पाकिस्तान से भारत में बड़ी आतंकी घटना की साजिश रच रहा है
  • दिल्ली में लाल किले और आसपास के मंदिरों की सुरक्षा को विशेष रूप से बढ़ा दिया गया है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

खुफिया एजेंसियों ने एक बार फिर लालकिले के आसपास आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया है. बताया जा रहा है कि इस बार आतंकियों के निशाने पर लाल किला के साथ-साथ देश भर के बड़े मंदिर भी हैं. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार इस हमले की साजिश लश्कर-ए-तैयबा रच रहा है. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार लश्कर-ए-तैयबा पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुए आतंकी हमले के बाद अब भारत में एक बार फिर कोई बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं.

सुरक्षा एजेंसियों से मिले इस अलर्ट के बाद दिल्ली में लाल किले की सुरक्षा को और पुख्ता कर दिया गया है. साथ ही लाल किले के पास के मंदिरों की सुरक्षा भी और बढ़ा दी गई है. चांदनी चौक में स्थित गौरी शंकर मंदिर की सुरक्षा भी खास तौर पर बढ़ाई गई है. आसपास अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. मंदिर की छत पर स्नाइपर तैनात किया गया है. साथ ही मंदिर के सामने रास्ते पर बैरिकेडिंग कर दी गई है. 

लाल किले के सामने हुए धमाके में मारे गए थे कई लोग

आपको बता दें कि पिछले साल नवंबर में ही लाल किले के सामने एक बड़ा बम धमाका हुआ था. विस्‍फोटक से भरी एक कार को आत्‍मघाती हमलावर ने ब्‍लास्‍ट कर दिया था. इस हमले में काफी लोगों की जान चली गई थी. अब फिर लाल किले के पास धमाके का अलर्ट है. ऐसे में सुरक्षा व्‍यवस्‍था को और कड़ा कर दिया गया है. लाल किले के पास हाल में हुए धमाके के बाद पकड़े गए 'सफेदपोश' आतंकी मॉड्यूल की जांच में सामने आया था. इस साजिश का मास्टरमाइंड डॉ. उमर-उन-नबी एक दूसरे आत्मघाती हमलावर की भर्ती करने की कोशिश कर रहा था. हालांकि, वह इसमें सफल नहीं हो सका, क्योंकि संबंधित व्यक्ति ने सेब की पैदावार के मौसम में अपने परिवार की मदद करने की जरूरत का हवाला देते हुए इस आतंकी साजिश से पीछे हटने का फैसला कर लिया. 

श्रीनगर पुलिस और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने नबी द्वारा संचालित एक समानांतर आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है. नबी वही व्यक्ति था जो 10 नवंबर को ऐतिहासिक लाल किले के पास विस्फोटकों से लदी गाड़ी चला रहा था. इस विस्फोट में 12 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी. गिरफ्तार किए गए संदिग्धों से पूछताछ के दौरान डॉक्टर से आतंकी बने व्यक्ति द्वारा अपनाई गई भर्ती की रणनीतियों का खुलासा हुआ है. इन्हीं जानकारियों के आधार पर एनआईए ने शोपियां निवासी यासिर अहमद डार को गिरफ्तार किया.

यह भी पढ़ें: दिल्‍ली धमाका Exclusive: विस्‍फोटक था तैयार, कैसे फेल हुआ सुरक्षाबलों पर हमले का प्‍लान? मुजम्मिल ने खोले राज

यह भी पढ़ें: दिल्ली ब्लास्ट Exclusive: EMIR था वो... मुजम्मिल ने उगले आत्मघाती उमर की शैतानी खोपड़ी के सारे राज

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com