विज्ञापन

गैंगस्टर रवि पुजारी गिरफ्तार, रेमो डिसूज़ा से रंगदारी और धमकी मामले में मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बॉलीवुड निर्देशक रेमो डिसूज़ा और उनकी पत्नी से रंगदारी मांगने के पुराने मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है. 50 लाख की धमकी और फिल्म विवाद से जुड़ा है मामला.

गैंगस्टर रवि पुजारी गिरफ्तार, रेमो डिसूज़ा से रंगदारी और धमकी मामले में मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गैंगस्टर रवि पुजारी गिरफ्तार

मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को बॉलीवुड कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक रेमो डिसूज़ा तथा उनकी पत्नी लिज़ेल डिसूज़ा को धमकाने और रंगदारी मांगने के एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया है. यह मामला साल 2018 का है, लेकिन अब जाकर इसमें रवि पुजारी की औपचारिक गिरफ्तारी हो पाई है.

27 जनवरी तक पुलिस हिरासत में

गौरतलब है कि रवि पुजारी को करीब पांच साल पहले सेनेगल से डिपोर्ट कर भारत लाया गया था और वह तब से जेल में बंद है. हालांकि, इस खास केस में उसकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई थी. गुरुवार को मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसे एस्प्लानेड कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 27 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

50 लाख रुपये की मांग की गई

पुलिस सूत्रों के अनुसार , इस मामले में पहले ही आरोपी बनाए जा चुके सत्येंद्र त्यागी के कहने पर रवि पुजारी ने रेमो डिसूज़ा को धमकियां दी थीं. आरोप है कि अक्टूबर 2016 से फरवरी 2018 के बीच पुजारी ने रेमो, उनकी पत्नी लिज़ेल और उनके मैनेजर को कई बार फोन कर डराया-धमकाया. इन कॉल्स के जरिए फिल्म ‘डेथ ऑफ अमर' की रिलीज जल्दी करने का दबाव बनाया गया और मामला “सेटेल” करने के लिए 50 लाख रुपये की मांग की गई.

मामले की पृष्ठभूमि

साल 2018 में रेमो डिसूज़ा और सत्येंद्र त्यागी के बीच ‘अमर मस्ट डाई' नाम की फिल्म को लेकर एक एग्रीमेंट हुआ था. बाद में दोनों के बीच फिल्म के कुछ अधिकारों और पैसों को लेकर विवाद खड़ा हो गया. त्यागी का दावा था कि उसने फिल्म में पैसा लगाया था और करीब 5 करोड़ रुपये उसे मिलने थे, जो रेमो की तरफ से नहीं दिए गए.

इसी विवाद के बाद, आरोप है कि सत्येंद्र त्यागी ने अपनी रकम वसूलने के लिए रवि पुजारी की मदद ली. इसके बाद पुजारी ने रेमो डिसूज़ा, उनकी पत्नी और मैनेजर को धमकाना शुरू किया और 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ravi Pujari Arrest, Underworld Don Ravi Pujari, Remo D’Souza Extortion Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com