विज्ञापन

बर्फबारी, आंधी-बारिश से मार्च में मानसून जैसे हालात, UP में दो लोगों की मौत; अब आगे कैसा रहेगा मौसम, IMD ने बताया

IMD Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में 22 मार्च को भी आसमान में काले बादल छाए रहेंगे. 23 मार्च को दोपहर तक हल्की बारिश और बूंदाबादी हो सकती है. 24 मार्च को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे.

बर्फबारी, आंधी-बारिश से मार्च में मानसून जैसे हालात, UP में दो लोगों की मौत; अब आगे कैसा रहेगा मौसम, IMD ने बताया
शनिवार को बिहार में हुई झमाझम बारिश.
  • पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है.
  • बिहार, यूपी, मध्य प्रदेश में भी बारिश से गेंहू और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है.
  • यूपी के बाराबंकी और झांसी में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई, तेज हवाओं और बारिश के बीच हादसा हुआ.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीते दो-तीन दिनों से पहाड़ी राज्यों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी है. इससे मार्च में मानसून जैसे हालात हो गए है. दिल्ली-NCR सहित यूपी-बिहार तक में हुई बारिश से ठंड ने फिर से दस्तक दे दी है. लोगों ने जो जैकेट-स्वेटर, कंबल समेट दिए थे, वो निकाल रहे हैं. शनिवार को हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार पांचवें दिन मध्यम से भारी हिमपात हुआ, जबकि कुछ मध्य और निचले क्षेत्रों में व्यापक बारिश हुई, जिससे तापमान में काफी गिरावट आ गई. जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है. 

शनिवार को बिहार-यूपी, एमपी में भी कई जगहों पर बारिश हुई. मार्च के मौसम में हुई इस बारिश से गेंहू, सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है. हालांकि दिल्ली-NCR में शनिवार को मौसम साफ रहा. 

Latest and Breaking News on NDTV

यूपी के बाराबंकी और झांसी में दो लोगों की मौत

यूपी के बाराबंकी और झांसी जिले में तेज हवाओं और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने के बाद दो लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. बाराबंकी जिले की पुलिस के अनुसार, गांव महमूदाबाद निवासी मुस्ताक (42) शुक्रवार को गांव उदौली चौराहे रोड स्थित एक दुकान पर दाढ़ी बनवाने गया था तभी तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई. ग्रामीणों ने बताया कि दुकान के निकट हाईटेंशन लाइन के खंभे पर अचानक बिजली गिरी, जिससे इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गया और तार टूटकर जमीन पर गिरा.

इस बीच मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि अब आगे मौसम कैसा रहेगा? 

  • शनिवार को दोपहर बाद 2 बजे मौसम विज्ञान विभाग की ओर जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि ओडिशा, बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में 24 मार्च तक छिटपुट गरज-चमक, बिजली कड़कने और हवाएं चलने की संभावना है. 
  • दिल्ली-एनसीआर में 22 मार्च को भी आसमान में काले बादल छाए रहेंगे. 23 मार्च को दोपहर तक हल्की बारिश और बूंदाबादी हो सकती है. 24 मार्च को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे. 
  • 23 और 24 मार्च को कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों में और 21 से 23 मार्च के दौरान केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है.
  • 23 मार्च को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश/बर्फबारी के साथ-साथ गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाएं (30-50 किमी प्रति घंटे की गति से) हवा चलने की संभावना है.
  • 24-27 मार्च के दौरान हिमाचल, उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का एक और दौर आने की संभावना है. 
  • 26, 27 मार्च को बिहार में, 22-25 मार्च को बंगाल और सिक्किम में कुछ जगहों पर हल्की से लेकर मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना है.

राजस्थान में सामान्य से 2 से 8 डिग्री तक कम रहा पारा

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. सर्वाधिक वर्षा मंडावा में 18 मिमी रिकॉर्ड की गई. बारिश के असर से राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया जो सामान्य से 2 से 8 डिग्री तक कम रहा. वहीं सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विभाग के अनुसार आज जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा.

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य में आगामी चार से पांच दिन तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. राहत की बात यह है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में हीटवेव की कोई संभावना नहीं जताई गई है.

हिमाचल के इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

स्थानीय मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट' जारी किया है और 23 मार्च को कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिलों में कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने 21, 22, 24 और 27 मार्च को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी और 23 और 26 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश तथा बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है, जबकि शेष दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. 

यह भी पढ़ें - कहीं बारिश, कहीं धूप, कहीं कोहरा और बादलों का साया...मार्च में मौसम की ये कैसी माया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com