विज्ञापन

'नेहरू अगर जिंदा होते तो कांशीराम कांग्रेस के चीफ मिनिस्टर होते', कांग्रेस की कमियां गिना बोले राहुल

राहुल गांधी ने कांशीराम जयंती कार्यक्रम में कहा कि जिस रास्ते पर कांग्रेस चल रही थी, उसमें कमियां थीं, इसलिए कांशीराम सफल हुए. अगर कांग्रेस पार्टी अपना काम करती तो कांशीराम सफल नहीं हो पाते.

'नेहरू अगर जिंदा होते तो कांशीराम कांग्रेस के चीफ मिनिस्टर होते', कांग्रेस की कमियां गिना बोले राहुल
  • राहुल गांधी ने कहा कि अगर जवाहरलाल नेहरू आज जीवित होते तो कांशीराम कांग्रेस के मुख्यमंत्री होते
  • राहुल ने कहा कि जिस रास्ते पर कांग्रेस चल रही थी, उसमें कमियां थीं, इसलिए कांशीराम सफल हुए
  • कांग्रेस नेता राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी संविधान और उसकी विचारधारा को नहीं मानते हैं

कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को लखनऊ में कांशीराम जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया. वैसे तो कांशीराम की जयंती 15 मार्च को होती है, लेकिन कांग्रेस की तरफ से दो दिन पहले आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने बसपा संस्थापक को लेकर बड़ा बयान दिया. कांग्रेस नेता राहुल ने कहा कि अगर आज जवाहरलाल नेहरू जीवित होते, तो कांशीराम कांग्रेस के मुख्यमंत्री होते. उनका यह बयान यूपी में दलित और पिछड़े वर्ग को लुभाने की कोशिश माना जा रहा है.

'कांग्रेस में कमियां थीं, तभी कांशीराम सफल हुए'

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि जिस रास्ते पर कांग्रेस चल रही थी, उसमें कमियां थीं, इसलिए कांशीराम सफल हुए. अगर कांग्रेस पार्टी अपना काम करती तो कांशीराम सफल नहीं हो पाते. उन्होंने आगे कहा कि मैंने एक बात किसी से कही थी, पता नहीं सही कहा या गलत, लेकिन अगर अगर आज जवाहरलाल नेहरू जिंदा होते तो कांशीराम कांग्रेस के मुख्यमंत्री होते. 

पेन-ढक्कन से BJP पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने पेन का उदाहरण देकर बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आंबेडकर हमेशा शिक्षा और संगठन की मजबूती की बात किया करते थे. कांशीराम जब उत्तर प्रदेश में रात-रात भर घूमते थे, तो वह पेन लेकर चलते थे. पेन और ढक्कन की मिसाल देकर वह कहते थे कि समाज के 15 पर्सेंट लोगों को तो लाभ मिले ही, लेकिन बाकी 85 पर्सेंट (बहुसंख्यक) समाज भी इसमें शामिल होना चाहिए और उसे भी इसका फायदा मिलना चाहिए. राहुल ने आगे कहा कि अब बीजेपी ने नई व्यवस्था बना दी है. पेन को उसके ढक्कन से अलग कर दिया है. 

हर वर्ग को मिले तरक्की का फायदा

राहुल गांधी ने कहा कि राजनीति में दो तरह के लोग होते हैं. एक तरह के लोग कहते हैं कि समाज में सबको फायदा हो, कोई पीछे न रहे. अगर हिंदुस्तान में प्रगति हो रही है तो हर वर्ग के बच्चों को उस प्रगति में शामिल होना चाहिए. आज हिंदुस्तान की जो हालत है, चाहे जुडिशरी हो, मंत्रिमंडल हो, ब्यूरोक्रेसी, शिक्षा, कॉरपोरेट्स हों, उसमें आप देखेंगे कि 85 पर्सेंट तो उसमें है ही नहीं. आप बड़ी कंपनियों के सीईओ, सीनियर मैनेजमेंट को देखें तो पाएंगे कि उनमें दलित, आदिवासी, पिछड़ा, अति पिछड़ा, माइनोरिटी कोई नहीं है.      

'आंबेडकर, कांशीराम ने विचारधारा से समझौता नहीं किया'

राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान और उसकी विचारधारा को नहीं मानते हैं. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर और कांशीराम ने वंचितों के हक की लड़ाई लड़ी, पूरा जीवन समाज के लिए दे दिया, लेकिन अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया... संविधान वो शक्ति है, जिसने सभी देशवासियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है, समानता और सम्मान का अधिकार दिया है. हम हर कीमत पर इसकी रक्षा करते रहेंगे. आज हम कांशीराम के संघर्ष, उनके विजन और भारत की राजनीति पर उनके प्रभाव को याद करते हैं और दिल से उनका धन्यवाद करते हैं. 

राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी पर देश की एनर्जी सिक्योरिटी अमेरिका को सौंपने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान का सारा डेटा अमेरिका को सौंप दिया, अमेरिका के लिए हिंदुस्तान का पूरा बाजार खोल दिया.  अगर अमेरिका का सामान भारत आएगा तो हमारे किसानों और व्यापारियों का क्या होगा? 

देखें - ओडिशा में एक राज्यसभा सीट की लड़ाई कर्नाटक के रिसॉर्ट तक क्यों आई? 14 MLA को लेकर कांग्रेस का सबसे बड़ा डर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Kanshiram Birth Anniversary, Rahul Gandhi On Kanshi Ram
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com