द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बन गई हैं. तीसरे राउंड के बाद द्रौपदी मुर्मू ने 50 फीसदी के आंकड़े को पार कर लिया है हालांकि अभी एक और राउंड की वोटों की गिनती होनी बाकी है. राष्ट्रपति पद के चुनाव में द्रौपदी ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को अच्छे खासे अंतर से पराजित किया. द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति हैं. भारत का राष्ट्रपति राष्ट्राध्यक्ष होने के साथ-साथ भारतीय सशस्त्र सेनाओं का सुप्रीम कमांडर तथा देश का पहला नागरिक भी होता है. द्रौपदी देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं, उनसे पहले प्रतिभा पाटिल देश का राष्ट्रपति पद संभाल चुकी हैं.
राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल पीसी मोदी के अनुसार, तीसरे राउंड में कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा और पंजाब के वोटों की गिनती हुई. इस राउंड में कुल वैध वोट 1333 रहे जिनकी वैल्यू 1,65,664 है. द्रौपदी मुर्मू को 812 वोट मिले जबकि यशवंत सिन्हा को 521 वोट मिले.दूसरे राउंड की बात करें तो इसमें वर्णानुक्रम में आने वाले पहले 10 राज्यों के बैलेट पेपर की गणना की गई, इसमें कुल 1138 वोट पड़े जिनकी कुल वैल्यू 1,49,575 है . इन वोटों में से द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट (वैल्यू 1,05,299) मिले हैं जबकि यशवंत सिन्हा को 3329 वोट मिले हैं जिनकी वैल्यू 44,276 है. पहले राउंड के बाद जानकारी दी गई थी कि सांसदों के कुल वैध मतों की संख्या 748 थी, जिनमें से 540 वोट द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में रहे जबकि 204 वोट विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हासिल हुए हैं. राष्ट्रपति चुनाव में 17 सांसदों ने एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की. सूत्रों ने यह जानकारी दी
राष्ट्रपति चुनाव परिणाम
कुल वोट: 3219 ( वैल्यू 838839)
द्रौपदी मुर्मू : 2161 ( वैल्यू 577777)
यशवंत सिन्हा :1058 ( वैल्यू261062)