विज्ञापन
This Article is From Dec 09, 2024

पीएम मोदी आज राइजिंग राजस्थान इनवेस्टमेंट समिट का करेंगे उद्घाटन

राजस्थान में सोमवार को राइजिंग राजस्थान समिट को लेकर राजधानी जयपुर समेत पूरे राज्य में प्रशासन और शासन 'कम इन राजस्थान' और 'मेक इन राजस्थान' के नारे पर काम कर रहे हैं. इस आयोजन में देश-विदेश से उद्योग क्षेत्र से कई दिग्गज भाग लेंगे.

पीएम मोदी आज राइजिंग राजस्थान इनवेस्टमेंट समिट का करेंगे उद्घाटन
पीएम नरेंद्र मोदी
जयपुर:

पीएम मोदी सोमवार को राजस्थान में ‘राइजिंग राजस्थान वैश्विक निवेशक सम्मेलन' 2024 का उद्घाटन करेंगे और इस दौरान वह मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी. कारोबारी और व्यापार जगत के दिग्गजों सहित राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कंपनियां, निवेशक, प्रतिनिधि, अन्य प्रतिभागी राइजिंग राजस्थान समिट में भाग लेंगे. समिट में उद्योगपतियों गौतम अदाणी, अनिल अग्रवाल, कुमार मंगलम बिड़ला, आनंद महिंद्रा, संजीव पुरी और अजय एस. श्रीराम, जापानी राजदूत शिरकत कर रहे हैं. राजस्थान में निवेशक सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री हरियाणा के पानीपत में जीवन बीमा निगम की बीमा सखी योजना की शुरुआत करेंगे और फिर महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर का शिलान्यास करेंगे.

पीएम मोदी ग्लोबल बिजनेस एक्सपो का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 और राजस्थान ग्लोबल बिजनेस एक्सपो का उद्घाटन करेंगे.'' जयपुर प्रदर्शनी और कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में नौ से 11 दिसंबर तक आयोजित होने जा रहे निवेशक शिखर सम्मेलन का विषय 'परिपूर्ण, जिम्मेदार, तैयार' है. शिखर सम्मेलन जल सुरक्षा, टिकाऊ खनन, टिकाऊ वित्त, समावेशी पर्यटन, कृषि-व्यवसाय नवाचारों और महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप के विषयों पर 12 क्षेत्रीय विषयगत सत्रों की मेजबानी करेगा.

प्रवासी राजस्थान सम्मेलन और एमएसएमई सम्मेलन का आयोजन

इन तीन दिनों के दौरान प्रवासी राजस्थान सम्मेलन और एमएसएमई सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा. पीएमओ ने कहा कि राजस्थान ग्लोबल बिजनेस एक्सपो में ‘राजस्थान पैवेलियन‘, ‘कंट्री पवेलियन', ‘स्टार्टअप्स पैवेलियन' जैसे विषयगत मंडप होंगे. शिखर सम्मेलन में 16 भागीदार देशों और 20 अंतरराष्ट्रीय संगठनों सहित 32 से अधिक देश भाग लेंगे. पीएमओ ने कहा कि महिला सशक्तीकरण और वित्तीय समावेश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री पानीपत में 'बीमा सखी योजना' की शुरुआत करेंगे.

करनाल में बागवानी विश्वविद्यालय के परिसर की रखेंगे नींव

भारतीय जीवन बीमा निगम की यह पहल 18-70 वर्ष की आयु की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए तैयार की गई है. प्रधानमंत्री भावी बीमा सखियों को नियुक्ति प्रमाणपत्र भी वितरित करेंगे. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री करनाल में महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर की आधारशिला भी रखेंगे. मुख्य परिसर और छह क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र 495 एकड़ में फैले हुए हैं, जिन्हें 700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्थापित किया जाएगा. विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर अध्ययन के लिए बागवानी का एक कॉलेज होगा और 10 बागवानी विषयों को कवर करने वाले पांच स्कूल होंगे. यह बागवानी प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए फसल विविधीकरण और विश्व स्तर के अनुसंधान की दिशा में काम करेगा.
 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rising Rajasthan Global Investment Summit, Rising Rajasthan, PM Modi In Rising Rajasthan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com