प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में LPG की स्थिति को लेकर जानबूझकर पैनिक पैदा करने वाले तत्वों पर तीखा हमला बोला. पीएम मोदी ने साफ किया कि ऐसी अफवाहें न केवल फैलाने वालों का चेहरा बेनकाब कर रही हैं, बल्कि देश के हितों को भी चोट पहुंचा रही हैं. मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और संकट का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों से कोई भी देश अछूता नहीं है. उन्होंने देशवासियों को आश्वस्त किया कि भारत सरकार अपनी ऊर्जा सुरक्षा को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, 'कुछ लोग एलपीजी को लेकर पैनिक पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. बिना किसी राजनीतिक टिप्पणी के मैं बस इतना कहूंगा कि वे न केवल जनता के सामने खुद को बेनकाब कर रहे हैं, बल्कि देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं.'
कालाबाजारियों को सख्त संदेश
वर्तमान वैश्विक संकट का फायदा उठाकर मुनाफाखोरी करने वालों को चेतावनी देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की नजर उन लोगों पर है जो जरूरत के सामान की कालाबाजारी कर रहे हैं. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि ऐसे अनैतिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
'संकट से निपटने के लिए समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी'
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि पश्चिम एशिया के संघर्ष से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है. राजनीतिक दल और मीडिया अफवाहों को रोकने और सही जानकारी साझा करने में मदद करें. वहीं शहरों से लेकर गांवों तक हर भारतीय को इस समय संयम और जिम्मेदारी का परिचय देना होगा.
PM मोदी ने कहा, '2014 से पहले भारत के पास स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व के लिए बहुत कम स्टोरेज कैपेसिटी थी. अब हमारे पास काफी रिज़र्व हैं. मुझे 140 करोड़ भारतीयों पर पूरा भरोसा है कि कोविड के समय की तरह, हम इस संकट से भी उबर जाएंगे. हमारा इरादा साफ है, दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में युद्धों की वजह से नागरिकों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. मैं राज्य सरकारों से निवेदन करता हूं कि ऐसे समय में कालाबाजारी और जमाखोरों को रोकने के लिए मॉनिटरिंग बढ़ाएं.'
'भविष्य का हिस्सा बनना है, तो भारत से जुड़ना होगा'
वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती साख का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा,'दुनिया के कई नेता और विशेषज्ञ आज भारत को वैश्विक केंद्र बिंदु के रूप में देख रहे हैं. भारत केवल प्रगति नहीं कर रहा, बल्कि नेक्स्ट लेवल पर जा रहा है. हमारा एकमात्र लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण है. कठिन वैश्विक दौर के बावजूद दुनिया भारत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है, जो हमारी जिम्मेदारियों को और बढ़ा देता है.
यह भी पढ़ें: मानवेन्द्र सिंह का परिवार के साथ विवाद? वायरल वीडियो पर चुप्पी, उठ रहे सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं