पटना के दीदारगंज में तेल गोदाम में भीषण आग लग गई. रविवार देर रात लगी आग ने पूरे गोदाम को चपेट में लिया. गोदाम में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल का भंडारण था. 22 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं हैं. 8 घंटे बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है. 50 लाख रुपये से अधिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
गोदाम में तेजी से फैली आग
दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव में वनस्पति और रिफाइन का गोदाम है. आग की लपटें उठीं तो गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना पर फायर ब्रिगेड गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है. डालडा, रिफाइन और सरसों तेल का गोदाम बताया जा रहा है. ऑयल गोदाम होने की वजह से आग बहुत तेजी से फैली. काबू पाने में भी बहुत मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है.

ऑयल फैक्ट्री में आग लग गई. (Photo- NDTV)
रात 12 बजे लगी आग
रविवार रात करीब साढ़े 12 बजे सुरक्षाकर्मियों ने गोदाम से धुआं निकलते हुए देखा. देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगी. आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए. फायर ब्रिगेड को सूचना दी. पटना सिटी फायर स्टेशन के अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि तेल की वजह से आग बुझाने में बहुत मुश्किल हो रही है. पानी की फोम कंपाउंड का प्रयोग किया जा रहा है. आग को काबू करने का प्रयास किया जा रहा है. जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: दिन में कबाड़ी, रात में बन जाते थे डकैत...कचरे की आड़ में लूट के खौफनाक खेल का पर्दाफाश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं