बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो दिन में कचरा बीनने और कबाड़ चुनने के बहाने इलाकों की रेकी करता था, जबकि रात होते ही चोरी, लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देता था. बिहटा के चर्चित लूटकांड की जांच के दौरान पुलिस ने इस गैंग के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
कबाड़ चुनने के बहाने घरों पर नजर
पुलिस के अनुसार, यह गैंग भोजपुर के आरा स्थित रमना मैदान में टेंट लगाकर रहता था. दिन में कचरा बीनने और कबाड़ चुनने के बहाने घरों और कॉलोनियों की रेकी करता था, जबकि रात में चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देकर ट्रेन से वापस लौट जाता था.
दो देसी कट्टा, कई जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, कई जिंदा कारतूस, चार गुलेल और दरवाजा तोड़ने सहित चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई सामान बरामद किए हैं. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बिहटा के केसरी दवा एजेंसी मालिक के घर हुई डकैती में भी यही गिरोह शामिल था.
अभी और खुलेंगे कई राज
गिरफ्तार सभी अपराधियों के खिलाफ बिहार के कई जिलों के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और डकैती के मामले दर्ज हैं. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है.
रिपोर्ट- गौरव कुमार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं