विज्ञापन
52 minutes ago
नई दिल्‍ली:

संसद के बजट सत्र का आज छठा दिन है और अबतक काफी हंगामा देखने को मिला है. आज पांच और कांग्रेस सांसदों के भी निलंबन की संभावना है. ये वो 5 सांसद हैं, जो उन आठ सांसदों के साथ खड़े थे, जिन्हें कल निलंबित किया गया था. लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोल सकते हैं. राहुल गांधी के द्वारा भारत के पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब के अंश को कोट करने को लेकर पिछले 2 दिनों से लोकसभा में काफी हंगामा हुआ. राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उन्‍हें बोलने नहीं दिया जा रहा है. इसे लेकर राहुल गांधी ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर सदन में बोलने से रोकने को परंपरा का उल्लंघन बताया है. इस बीच लोकसभा ने मंगलवार को सदन की कार्यवाही में बाधा डालने और चेयर की तरफ कागज उछालने के आरोप में 8 विपक्षी सांसदों को बजट सत्र के शेष समय के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. सस्पेंड किए गए सांसदों में अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, मणिक्कम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, सी किरण कुमार रेड्डी, प्रशांत यादवराव पाडोले, एस वेंकटेश और डीन कुरियाकोस शामिल हैं. आज भी इस मुद्दे पर संसद में हंगामा देखने को मिल सकता है. 

Parliament Budget Session LIVE Update

Lok Sabha LIVE Updates: लोकसभा में 5 और सांसद हो सकते हैं निलंबित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 5 बजे लोक सभा में राष्‍ट्रपति के अभिभाषण पर धन्‍यवाद प्रस्‍ताव पर अपनी बात रखेंगे. लेकिन उससे पहले विपक्ष के आठ सांसदों के निलंबन और राहुल गांधी को न बोलने देने को लेकर आज पूरे दिन सदन में हंगामा होने की संभावना है. आज पांच और कांग्रेस सांसदों के भी निलंबन की संभावना है. ये वो 5 सांसद हैं, जो उन आठ सांसदों के साथ खड़े थे, जिन्हें कल निलंबित किया गया था. 

लोकसभा में आज का ये रहेगा एजेंडा

Parliament Session LIVE: लोकसभा में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ा

लोकसभा में पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़े विषय को लेकर जारी गतिरोध के बीच मंगलवार को उस वक्त सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का नया मोर्चा खुल गया जब आसन के समीप कागज उछालने के मामले में आठ विपक्षी सांसदों को वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया. कांग्रेस के सात सदस्यों और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक सांसद को सदन से निलंबित किया गया है.

ये सांसद हुए सस्‍पेंड

कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरदीप सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मणिकम टैगोर. माकपा सांसद एस वेंकटेशन.

Parliament Session: हम निलंबन से नहीं डरे- केसी वेणुगोपाल

संसद का बजट सत्र चल रहा है. इस दौरान लोकसभा की कार्यवाही में मंगलवार को बाधा डालने के आरोप में 8 विपक्षी सांसदों को सस्पेंड कर दिया गया है, जिसको लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है. विपक्ष ने इस निलंबन को असंवैधानिक बताया. साथ ही उन्होंने सरकार पर संसद में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को नहीं बोलने देने का आरोप लगाया. कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'हम भाजपा वालों जैसे नहीं हैं. जब राहुल गांधी देश की असली सच्चाई बताना चाहते हैं, तो वे पूरी तरह डर जाते हैं, इसलिए वे राहुल गांधी को बोलने नहीं दे रहे हैं. हम किसी सस्पेंशन या किसी भी चीज से नहीं डरते. संसदीय लोकतंत्र हमारे लिए सबसे जरूरी है. राष्ट्रीय सुरक्षा हमारे लिए सबसे जरूरी है. अगर सरकार हम सभी को सस्पेंड करना चाहती है, तो उन्हें करने दो. इस मुद्दे पर मैं मंत्रियों को चैलेंज करता हूं कि वे सभी कांग्रेसी सांसदों, सभी विपक्ष को सस्पेंड करना चाहते हैं, तो कर दें.'

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com