संसद के बजट सत्र का शुक्रवार को 8वां दिन है. गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में भारी हंगामा देखने को मिला. कल राज्यसभा से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव भारी हंगामे के बीच पारित हुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के दौरान विपक्षी दलों ने जोरदार नारेबाजी की और बाद में राज्यसभा से वॉकआउट कर लिया.
राज्यसभा: पीएम के भाषण के दौरान विपक्ष का हंगामा, फिर वॉकआउट
राज्यसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी बोलने खड़े हुए, विपक्षी सांसदों ने आसन के पास आकर नारेबाजी शुरू कर दी. कुछ ही देर बाद सभी विपक्षी सांसद सदन से वॉकआउट कर गए.
विपक्ष के बाहर जाने पर पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा, 'जो थक गए, वे चले गए. उन्हें कभी न कभी तो देश की जनता को जवाब देना पड़ेगा कि ऐसी हालत क्यों बनाई कि दुनिया का कोई देश हमसे डील करना नहीं चाहता था.'
यह भी पढ़ें- सवालों से इतनी घबराहट... राहुल के तंज से लेकर विपक्ष के वॉकआउट तक, जानें संसद में क्या कुछ हुआ
पीएम ने राज्यसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए यह भी टिप्पणी की कि मल्लिकार्जुन खरगे की उम्र को देखते हुए वह बैठकर भी नारे लगा सकते हैं. उनके पीछे जो युवा हैं, वे खड़े होकर नारे लगाएं.
लोकसभा: राहुल गांधी के बिना प्रस्ताव पारित, विपक्ष की नाराजगी
लोकसभा में भी भारी हंगामा जारी रहा. विपक्ष नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का मौका न मिलने से नाराज दिखाई दिया. अंततः पीएम मोदी के अभिभाषण के बिना ही राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया गया. विपक्षी दलों ने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी बताया.
राहुल गांधी लगातार सोशल मीडिया और मीडिया बाइट्स के जरिए पीएम मोदी पर तंज कर रहे हैं और सरकार को विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- नेहरू-इंदिरा और कांग्रेस के लिए देश की जनता समस्या- PM मोदी ने सुनाई ये कहानी
आज का एजेंडा: लोकसभा में क्या-क्या होगा
शुक्रवार को लोकसभा का एजेंडा बेहद व्यस्त है. सरकारी कामकाज के साथ-साथ निजी सदस्यों के कई विधेयक पेश होने हैं.
1. प्रश्नकाल (11 बजे से)
प्रश्न सूची के अनुसार विभिन्न मंत्रालयों से सवाल-जवाब होंगे.
2. टेबल पर दस्तावेज रखे जाएंगे
स्वास्थ्य, कानून, विदेश, रक्षा, पोत-परिवहन, रसायन-उर्वरक सहित कई मंत्रालयों के मंत्री दस्तावेज सदन में पेश करेंगे
3. मंत्रियों के बयान
स्मृति अन्नपूर्णा देवी: महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से जुड़ी संसदीय समिति की रिपोर्टों पर स्थिति बयान.
अनुप्रिया पटेल: पीएम टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति पर बयान.
4. नियम 377 के अंतर्गत मुद्दे
5. आम बजट 2026–27 पर सामान्य चर्चा
आज बजट पर विस्तृत बहस जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें- कांग्रेस क्यों लगाती है 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी' के नारे? राज्यसभा में PM मोदी ने एक-एक कर गिनाईं वजहें
निजी सदस्यों के विधेयक (3:30 PM–6 PM)
आज के सत्र में निजी सदस्यों द्वारा 170 से अधिक विधेयक पेश या पारित करने के लिए सूचीबद्ध हैं. इनमें संविधान संशोधन, शिक्षा सुधार, किसानों के कल्याण, भाषाई संरक्षण, स्वास्थ्य से जुड़े बिल, डिजिटल कंटेंट रेगुलेशन, रोजगार गारंटी, महिला सुरक्षा, आदिवासी अधिकार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता विनियमन, पर्यावरण, आबादी नियंत्रण आदि कई क्षेत्रों के मसौदे शामिल हैं.
संसद के पल-पल के अपडेट के लिए इस पेज पर बने रहें...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं