विज्ञापन
This Article is From Jul 28, 2019

पाकिस्तान ने पुंछ में एलओसी पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, तीन लोग घायल

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सौजियान सेक्टर में शाम लगभग पांच बजे गोलाबारी शुरू हुई, जबकि रात लगभग आठ बजे मेंढर सेक्टर के मनकोट क्षेत्र में भी सीमा पार से गोलीबारी शुरू हो गई.

पाकिस्तान ने पुंछ में एलओसी पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, तीन लोग घायल
फाइल फोटो
जम्‍मू:

पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास अग्रिम चौकियों और गांवों में मोर्टार से गोलाबारी और छोटे हथियारों से गोलीबारी कर रविवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, जिसमें एक महिला और उसके बच्चे समेत तीन असैन्य नागरिक घायल हो गये. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान द्वारा सीमा-पार से की गई गोलीबारी में कई आवासीय मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शाहपुर सेक्टर में मोर्टार से दागे गये गोलों के छर्रे से तीन नागरिक- मोहम्मद आरिफ (40), फातिमा जान (35) और उनका नवजात शिशु घायल हो गया. उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि सौजियान सेक्टर में शाम लगभग पांच बजे गोलाबारी शुरू हुई, जबकि रात लगभग आठ बजे मेंढर सेक्टर के मनकोट क्षेत्र में भी सीमा पार से गोलीबारी शुरू हो गई.

पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन, सेना के ब्रिगेड मुख्यालय के भीतर विस्फोट

अधिकारी ने बताया कि सभी तीनों सेक्टरों में भारी गोलीबारी चल रही है और इसमें लोगों के मकानों के भी क्षतिग्रस्त होने की खबर है. इससे पूर्व एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया था कि थल सेना पाकिस्तान की इस हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रही है. जम्मू में सेना के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया, ‘‘पाकिस्तान ने एलओसी के पास पुंछ जिले में शाहपुर और सौजियान सेक्टरों में शाम लगभग पांच बजे बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी और मोर्टार से गोलाबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया.''

गौरतलब है कि 22 जुलाई को राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में पाकिस्तानी गोलीबारी में एक भारत का सैनिक शहीद हो गया था, जबकि 20 जुलाई को पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन की एक अन्य घटना में एक असैन्य नागरिक घायल हो गया था.

VIDEO: पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ceasefire Violation, Pakistan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com