विज्ञापन

NEET Case: मांगीलाल के बेटे विकास को लेकर मेडिकल कॉलेज से चौंकाने वाले कई खुलासे, 4 महीने था कॉलेज से गायब

विकास की पढ़ाई के आंकड़े बताते हैं कि वह औसत बौद्धिक क्षमता का विद्यार्थी रहा है. लेकिन 2025 में उसका चयन नीट परीक्षा में 86% अंक लाकर हुआ यह बड़े अचरज की बात है.

NEET Case: मांगीलाल के बेटे विकास को लेकर मेडिकल कॉलेज से चौंकाने वाले कई खुलासे, 4 महीने था कॉलेज से गायब
सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज

NEET परीक्षा 2026 का पेपर लीक होने पर परीक्षा रद्द होने के बाद सीबीआई अब उन आरोपियों पर शिकंजा कस रही है. जिन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक में भूमिका अदा की. इस मामले में नीट परीक्षा पेपर लीक सरगना मांगीलाल बिवाल को सीबीआई गिरफ्तार कर चुकी है. अब शिकंजा उसके पुत्र विकास बिवाल पर भी कसा जा रहा है. मांगीलाल बीवाल का बेटा विकास बिवाल सवाई माधोपुर के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर में पढ़ाई कर रहा है. चौंकाने वाली बात यह है कि विकास बिवाल बेहद औसत बौद्धिक क्षमता वाला विद्यार्थी रहा है और जनवरी से लेकर अब तक प्रत्येक माह  इसकी उपस्थिति भी मेडिकल कॉलेज में नहीं के बराबर रही. इससे भी अधिक चौंकाने वाली बात यह है कि नीट परीक्षा आयोजित होने के बाद यह लगातार कॉलेज में उपस्थित रहा. लेकिन अब पिछली 11 मई से यह बिना सूचना के सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज से नदारद है. ऐसे में सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज भी अब सीबीआई की जांच के दायरे में आ सकता है, इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. 

विकास की पढ़ाई के आंकड़े बताते हैं कि वह औसत बौद्धिक क्षमता का विद्यार्थी रहा है. लेकिन 2025 में उसका चयन नीट परीक्षा में 86% अंक लाकर हुआ यह बड़े अचरज की बात है. जांच एजेंसियों द्वारा की जा रही जांच में जिस तरह के तथ्य निकलकर सामने आ रहे हैं, उससे 2025 की नीट परीक्षा की पारदर्शिता पर भी अब बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. सीबीआई मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. 

4 महीने था मेडिकल कॉलेज से गायब

जनवरी से लेकर 30 अप्रैल तक विकास की मेडिकल कॉलेज सवाई माधोपुर में उपस्थित नहीं के बराबर रही है. साथ ही समय-समय पर लिए गए टेस्ट से भी वो नदारद रहा, वहीं जिस टेस्ट में शामिल हुआ उसी में केवल उसके 30 प्रतिशत अंक ही आए हैं, ऐसे में वह मेडिकल कॉलेज की पढ़ाई में भी फिसड्डी ही साबित होता रहा है. अब अचानक विकास बिवाल 11 मई से बिना सूचना के कॉलेज से नदारद है, सीबीआई द्वारा इसे हिरासत में लेने की बात सामने आ रही है. लेकिन इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है.

क्या 2025 NEET परीक्षा के पेपर भी था लीक

मांगीलाल बिवाल के समूचे परिवार में पेपर लीक से ही ये पारिवारिक सदस्य नीट परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर मेडिकल कॉलेजों में दाखिला ले सके, इसकी पुष्टि होती चली जा रही है. नीट पेपर लीक मामले की जांच अब सिर्फ साल 2026 तक सीमित नहीं रह गई है. सीबीआई की जांच में जो खुलासे हुए हैं उसमें साल 2025 की नीट परीक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए है. सबसे बड़ा सवाल उठ रहा है कि क्या 2026 की तरह 2025 का पेपर भी लीक हुआ था. क्या 2025 में भी दिनेश और मांगीलाल तक नीट परीक्षा का पेपर पहले से पहुंच चुका था. सीबीआई की जांच में सामने आया है कि दिनेश, मांगीलाल और उनके भाई स्वर्गवासी बड़े भाई घनश्याम के परिवार के ऐसे सात सदस्य हैं जो पिछले दो वर्षों में नीट परीक्षा में शामिल हुए थे. इनमें से पांच सदस्य सफल रहे. 

10वीं-12वीं के औसत छात्र ने किया NEET क्लियर

बिवाल परिवार के विकास सहित परिवार के पांच सदस्य 2025 की ही नीट परीक्षा में सफल हुए थे. इसमें विकास को सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज मिला, तो कोई एसएमएस मेडिकल कॉलेज पहुंचा, किसी का चयन मुंबई और वाराणसी मेडिकल कॉलेज में हुआ. एक ही परिवार के इतने सदस्यों का एक साथ एक ही साल मेडिकल कॉलेजों तक पहुंचना अब जांच एजेंसियों को भी चौंका रहा है. जांच में सामने आया है कि साल 2025 में मांगीलाल का बेटा विकास नीट परीक्षा पास कर सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचा. मांगीलाल की बेटी प्रगति का चयन दौसा मेडिकल कॉलेज में हुआ. दिनेश की बेटी गुंजन को वाराणसी मेडिकल कॉलेज अलॉट हुआ. वहीं घनश्याम की बेटी पलक को एसएमएस मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिला और दूसरी बेटी सानिया मुंबई के मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रही है. यानी जो छात्र दसवीं और बारहवीं में औसत विद्यार्थी थे उन्होंने बड़ी ही आसानी से नीट क्लियर कर लिया. जांच में सामने आया कि विकास के 10वीं में 63 प्रतिशत और 12वीं में 55 प्रतिशत अंक थे.नीट-2024 में उसे 720 में से केवल 270 नंबर मिले थे. 

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में NEET पेपर लीक मामले में कितने किरदार, कितने राज्यों से कनेक्शन? पढ़िए पूरा चिट्ठा

    NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

    फॉलो करे:
    Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com