विज्ञापन

NDTV पर पांच राज्यों का महा एग्जिट पोल, नतीजों से पहले चुनावी तस्वीर होगी साफ!

पांच राज्यों के नतीजों से पहले NDTV पर आज महा एग्जिट पोल आएगा. तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान पूरा हो चुका है, जबकि बंगाल के दूसरे चरण की वोटिंग जारी है. एग्जिट पोल सत्ता की संभावित तस्वीर दिखाएंगे.

NDTV पर पांच राज्यों का महा एग्जिट पोल, नतीजों से पहले चुनावी तस्वीर होगी साफ!
नई दिल्ली:

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों से पहले आज एग्जिट पोल सामने आएंगे. तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी इन सभी राज्यों में मतदाताओं ने अपना फैसला ईवीएम में दर्ज कर दिया है और पश्चिम बंगाल में एक चरण का मतदान हो चुका है जबकि राज्य की 142 सीटों पर आज वोटिंग जारी है. ऐसे में सभी की निगाहें आज शाम आने वाले एग्जिट पोल पर टिकी हैं. आज शाम NDTV पर भी एग्जिट पोल आएगा, जिनसे यह संकेत मिलेगा कि किस राज्य में सत्ता की तस्वीर किस ओर झुकती दिख रही है. 

NDTV पर महा एग्जिट पोल के जरिए इन पांचों राज्यों की जमीनी हकीकत, वोटिंग ट्रेंड और आंकड़ों के विश्लेषण के साथ संभावित नतीजों की पूरी तस्वीर पेश की जाएगी. सत्ता में वापसी बनाम बदलाव की लड़ाई, क्षेत्रीय बनाम राष्ट्रीय दलों का प्रदर्शन और गठबंधन राजनीति की दशा‑दिशा. इन सभी सवालों के जवाब एग्जिट पोल में तलाशे जाएंगे. आधिकारिक नतीजों से पहले राजनीतिक हलकों की धड़कनें तेज हैं और एग्जिट पोल को चुनावी माहौल का पहला बड़ा संकेत माना जा रहा है.

एग्जिट पोल पर चुनाव आयोग के क्या निर्देश?

चुनाव आयोग के दिशा‑निर्देशों के मुताबिक, आखिरी चरण की वोटिंग खत्म होने के कम से कम 30 मिनट बाद तक एग्जिट पोल का प्रसारण पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है. आयोग के अनुसार, 29 अप्रैल को अंतिम चरण की वोटिंग समाप्त होने के बाद शाम 6:30 बजे के बाद ही 2026 के एग्जिट पोल के नतीजे दिखाने की अनुमति दी जाएगी. इससे पहले किसी भी माध्यम पर एग्जिट पोल के आंकड़े जारी नहीं किए जा सकते.

कब कहां चुनाव और कितनी रही वोटिंग

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए गए. पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान हुआ, जहां कई इलाकों में रिकॉर्डतोड़ 93 प्रतिशत तक वोटिंग दर्ज की गई. दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को यानी आज चल रहा है.

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 23 अप्रैल को हुए. राज्य में वोटिंग को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और कुल मतदान प्रतिशत 85.1 फीसदी दर्ज किया गया.

असम में विधानसभा की सभी 126 सीटों के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले गए थे और राज्य में 85.91 फीसदी मतदान दर्ज हुआ, जो ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में मतदाताओं की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है.

केरल विधानसभा की 140 सीटों के लिए भी 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान हुआ. राज्य में 78.27 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई, जिसे राज्य के बहु‑कोणीय और कांटे की टक्कर वाले चुनाव में निरंतर जनभागीदारी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

वहीं केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में इस बार 89.87 फीसदी का ऐतिहासिक मतदान दर्ज किया गया। यह 1964 के पहले विधानसभा चुनाव के बाद से अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है.

4 मई को आएंगे नतीजे

पांचों राज्यों में रिकॉर्ड और मजबूत मतदान के चलते चुनाव नतीजों को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है. केरल, असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 4 मई को मतगणना होगी.
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com