- एनडीए ने केरल की सभी 140 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है
- पार्टी इस बार बिना किसी मुख्यमंत्री चेहरे के PM मोदी के नाम और काम पर चुनाव लड़ेगी
- बीजेपी के सहयोगी दल 20-20 और भारतीय जन धर्म सेना के साथ सीटों का बंटवारा लगभग तय हो चुका है
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और एनडीए केरल की सभी 140 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. राज्य में पार्टी बिना किसी सीएम चेहरे के मैदान में उतरेगी. पिछले बार के चुनाव में बीजेपी ने मेट्रो मैन ई श्रीधरन को सीएम फेस बनाया था. एनडीए केरल का चुनाव पीएम नरेंद्र मोदी के नाम और काम पर लड़ने का फैसला किया है. इस बार के चुनाव में विकास ही प्रमुख मुद्दा रहेगा.
पीएम मोदी के साथ केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रखेशर, 20-20 के प्रमुख साबू एम जैकब और भारतीय जन धर्म सेना के प्रमुक टी वेल्लापेल्ली का चेहरा चुनाव पोस्टरों पर होगा. ऐसा एनडीए की मजबूती का संदेश देने के लिए किया जाएगा. सूत्रों ने बताया कि जैकब और वेल्लापेल्ली चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि वे एनडीए के उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने के लिए जोरदार प्रचार करेंगे.
गौरतलब है कि स्थानीय निकायों के परिणामों से बीजेपी काफी उत्साहित है. तिरुवतनंतपुरम में पार्टी ने पहली बार मेयर बनाया है. एनडीए को विश्वास है कि वो राज्य में तीसरी शक्ति के रूप में उभरेगा और त्रिशंकु विधानसभा बनने की स्थिति में निर्णायक भूमिका में होगा.
100 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है बीजेपी
केरल में बीजेपी के साथ जो प्रमुख बड़े प्रमुख दल 20-20 और भारतीय जन धर्म सेना हैं. इनके अलावा चार-पांच छोटे दल हैं जिनका सीमित क्षेत्र में प्रभाव है. बीजेपी के सहयोगी दलों के साथ सीटों पर बंटवारे पर भी हुई चर्चा मोटे तौर पर बीजेपी करीब सौ सीटों पर, 20-20 करीब दस से पंद्रह और भारतीय जन धर्म सेना 25-30 सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं. हालांकि, पिछली बार भारतीय जन धर्म सेना ने 21 सीटों पर चुनाव लड़ा था.
पिछले चुनाव में बीजेपी केरल में खाता नहीं खोल पाई थी
एक बीजेपी नेता ने बताया कि केरल में एनडीए के घटक दलों के लिए यह महत्वपूर्ण नहीं है कि वे कितनी सीटों पर लड़ते हैं बल्कि कितनी सीटें जीतते हैं यह अधिक महत्वपूर्ण है. पार्टी ने इस बार सभी सीटों पर पूरी ताकत लगाने का फैसला किया है. पिछली बार बीजेपी ने 115 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन कोई सीट नहीं जीत पाई थी. इस बार कुछ अन्य दलों से भी नेताओं को लाया गया है. ये ऐसे नेता हैं जो अपने दम पर सीट जीतने की क्षमता रखते हैं
एनडीए इन नेताओं को भी टिकट देगा.
कल हुए बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में केरल में सीटों के बंटवारे पर विस्तार से चर्चा हुई. सभी सीटों पर केंद्रीय चुनाव समिति के समाने प्रजेंटेशन दिया गया. बीजेपी की राज्य इकाई की ओर से दिए गए प्रजेंटेशन में संभावित कैंडिडेट के नाम पर भी चर्चा हुई. कल हुई बैठक में हर सीट पर उम्मीदवारों के पैनल को लेकर चर्चा हुई. इसमें बीजेपी के उम्मीदवारों के साथ सहयोगी दलों के उम्मीदवारों के नामों पर भी विचार हुआ ताकि यह फैसला हो सके कि कौन सी सीट पर कौन सा दल लड़ेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं