विज्ञापन

'क्या तुम्हारा कोई बॉयफ्रेंड है? इतना तैयार होकर आती हो'... नासिक TCS की एक और महिला कर्मी की आपबीती

Nashik TCS Case: नासिक TCS मामले में एक और पीड़िता ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर उसके साथ हुए यौन उत्पीड़न और मासनिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है. ऑफिस में धर्म के नाम पर उसे कैसे निशाना बनाया गया, इसका खुलासा भी किया है.

'क्या तुम्हारा कोई बॉयफ्रेंड है? इतना तैयार होकर आती हो'... नासिक TCS की एक और महिला कर्मी की आपबीती
नासिक धर्मांतरण मामले में एक और शिकायत.
  • नासिक टीसीएस में एक महिला ने रजा मेमन और शाहरुख कुरैशी पर यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है
  • पीड़िता ने बताया कि जनवरी 2026 में शाहरुख कुरैशी ने ऑफिस में अश्लील सवाल पूछकर उसे असहज और शर्मिंदा किया था
  • रजा मेमन ने भी कई बार भद्दे और आपत्तिजनक कमेंट्स किए और पीड़िता के निजी जीवन में दखल दिया था
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मुंबई:

नासिक टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (TCS) धर्मांतरण मामले में हर दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं. अब तक कई महिलाएं कंपनी में चल रहे खेल को उजागर कर चुकी हैं. TCS में काम करने वाली एक और पीड़िता ने अपने संग हुई ज्यादती को पुलिस को दी शिकायत में बयां किया है. महिला शिकायतकर्ता ने अपने सहकर्मियों और मामले में आरोपी रजा मेमन और शाहरुख कुरैशी पर यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं.

पीड़िता नासिक की टीसीएस शाखा (अशोका मार्ग) में 24 जून 2025 से एसोसिएट के पद पर कार्यरत है. वह मूल रूप से मालेगांव की रहने वाली है और नासिक में किराए के मकान में रहती है. उसका काम ओडीसी-2 विभाग में टेली-कॉलिंग के जरिए बैंक के क्रेडिट कार्ड और कर्ज धारकों को जानकारी देना है.

कब हुई उत्पीड़न की शुरुआत?

पीड़िता ने बताया कि जनवरी 2026 में जब वह ऑफिस में थी, तब शाहरुख कुरैशी ने उसे अपने डेस्क पर बुलाया और उसे एकटक घूरने लगा. दफ्तर में काम के बजाय उसने उसकी पर्सनल लाइफ के बारे में पूछताछ की. उसने कई अश्लील सवाल भी किए जैसे: क्या तुम्हारा कोई बॉयफ्रेंड है?, क्या तुम्हारा कोई एक्स-बॉयफ्रेंड है?. इन सवालों से पीड़िता काफी असहज और शर्मिंदा महसूस करने लगी.

रजा मेमन और शाहरुख कुरैशी की मिलीभगत

पीड़िता ने बताया कि करीब 6-7 दिनों बाद रजा मेमन और शाहरुख कुरैशी ने उसे रजा के डेस्क पर बुलाया. काम के बहाने बुलाकर रजा मेमन ने उसके शरीर पर अश्लील कमेंट्स किए. रजा ने कहा, "तुम बहुत दुबली हो, जिम जाओगी तो सही शेप में आओगी और अच्छी दिखोगी." रजा ने भी उसके रिलेशनशिप स्टेटस को लेकर भद्दे सवाल किए और पूछा कि ओडीसी विभाग में उसे कौन पसंद है. रजा ने शाहरुख की ओर देखकर उसके बारे में बेहद आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणी की.

गुड़ी पड़वा (19 मार्च 2026) की घटना

पीड़िता ने बताया कि 19 मार्च 2026 को गुड़ी पड़वा के मौके पर उसने नया ड्रेस पहना था. रजा मेमन ने उसे कई बार अपने डेस्क पर बुलाया. पीड़िता उसे नजरअंदाज कर रही थी क्योंकि वह हमेशा उसे बुरी नजर से देखता था, लेकिन सबके सामने हाथ के इशारे से बुलाने पर उसे जाना पड़ा. वहां रजा ने उससे धार्मिक और निजी सवाल किए. 

पीड़ता से रजा का सवाल

 "आज त्योहार के दिन तुम पूजा नहीं करती क्या? तुम सिर्फ तैयार होकर ऑफिस आती हो क्या?" रजा की बातों और उसके नीचे से ऊपर तक घूरने के तरीके से पीड़िता को सबके सामने बहुत अपमानित महसूस हुआ.

मानसिक तनाव और डराने का प्रयास

दस्तावेज़ में कहा गया है कि शाहरुख कुरैशी लगातार उस पर नजर रखता था. उसकी इच्छा न होने के बावजूद वह उसके निजी जीवन और दैनिक कार्यों के बारे में पूछता रहता था. वह अक्सर उसे अकेले पाकर अपने साथ बाहर घूमने चलने के लिए दबाव डालता था. जब पीड़िता ने मना किया, तो भी वह नहीं माना, जिससे उसे भारी मानसिक तनाव होने लगा.

शिकायत करने से क्यों लगा डर?

पीड़िता ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि वह कंपनी में शिकायत करना चाहती थी, लेकिन उसे डर था क्योंकि ऑफिस में रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी और शफी का काफी वर्चस्व था. उसे लगा कि उसकी कोई नहीं सुनेगा. पीड़िता ने अंत में कहा है कि जनवरी 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक इन लोगों ने उसके साथ अश्लील व्यवहार किया, उसके शरीर पर भद्दे कमेंट्स किए और उसका पीछा कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. उसने रजा मेमन और शाहरुख कुरैशी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

इनपुट- राहुल वाघ
 

ये भी पढ़ें- TCS धर्मांतरण मामला: निदा खान की अग्रिम जमानत पर 27 अप्रैल को होगा फैसला, जानें कोर्ट में क्या कुछ हुआ

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com