विज्ञापन

प्यार, ब्रेकअप और बदला, मोहाली ऑफिस में एक्स गर्लफ्रेंड पर चाकू से 20-25 वार, सहकर्मी बेबस देखते रहे

Mohali Murder: मोहाली के दफ्तर में घुसकर एक्स गर्लफ्रेंड डिंपल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार हरविंदर उर्फ हैरी के इश्क नहीं बल्कि सनक की निशानी है. अगर वाकई प्यार हो तो क्या कोई इतनी बेरहमी से मार सकता है.

मोहाली में लड़के ने दफ्तर में घुसकर की गर्लफ्रेंड की हत्या.
  • पंजाब के मोहाली में एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली लड़की डिंपल को उसके एक्स बॉयफ्रेंड ने मार दिया
  • उसके साथ काम करने वाले हरविंदर उर्फ हैरी ने डिंपल पर कई हमले के बाद खुद भी गला रेत कर जान देने की कोशिश की
  • दोनों को गंभीर हालत में एक फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां युवती की मौत हो गई

प्यार में तकरार की गुंजाइश होती है लेकिन वार की नहीं. पंजाब के मोहाली की जिस डिंपल से सालों प्यार किया उसका कत्ल हैरी ने आखिर कर कैसे दिया? कत्ल भी ऐसा जो किसी को भी झकझोर दे. ब्रेकअप का ये मतलब नहीं कि उसे मार दिया जाए. मोहाली की डिंपल के कत्ल ने एक बार फिर आशिकों के सनकी मिजाज को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. माना कि डिंपल और हैरी सालों तक रिश्ते में थे. लेकिन जब ब्रेकअप हो गया तो इसे आपसी सहमति मानकर आगे बढ़ने में ही समझदारी थी. ये कौन सी सनक थी कि तू मेरी नहीं तो किसी की नहीं. इसी सनक के चलते वह डिंपल की जान लेने पर उतारू हो गया. हत्या का वीडियो इतना भयावह है कि देखकर कोई भी सिहर उठे.

डिंपल को 20 से 25 चाकू मारने वाले हैरी की हालत गंभीर

दफ्तर में घुसकर डिंपल को 20 से 25 चाकू मारने के बाद हैरी ने खुद का गला रेतकर जान देने की कोशिश की. लेकिन वह बच गया. अस्पताल में वह जिंदगी की जंग लड़ रहा है. डॉक्टर ने उसका ऑपरेशन कर दिया हैलेकिन हालत अभी भी गंभीर है. ये जानकारी मोहाली के DSP हरसिमरन सिंह बल ने दी. उन्होंने बताया कि दिल दहला देने वाली ये वारदात मोहाली के फेज-8 थाना इलाके की है.

Latest and Breaking News on NDTV

ऑफिस में घुसकर की गर्लफ्रेंड की हत्या 

पुलिस के मुताबिक, 4 जून को बीएनएस की धारा 103 के तहत दर्ज कराई गई एफआईआर पर जांच शुरू कर दी गई है. सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच से पता चला कि हरजिंदर सिंह उर्फ हैरी मान ने अपनी सहकर्मी डिंपल पर उस पीछे से चाकू से वार किए जब वह दफ्तर में बैठी काम कर रही थी. डिंपल को तो भनक तक नहीं थी कि हाथ में चाकू लिए हैरी उनके पीछे खड़ा है. पुलिस के मुताबिक, डिंपल पर हैरी ने चाकू से करीब 20 से 25 वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई.

Latest and Breaking News on NDTV

कुछ समय पहले हुआ था डिंपल और हैरी का ब्रेकअप

पुलिस जांच में पता चला कि दोनों ही पटियाला के रहने वाले थे. वह साथ काम करते थे. शुरुआती जांच के मुताबिक, दोनों के बीच पहले निजी संबंध थे, लेकिन बाद में अनबन हो गई. मोबाइल फोन, चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच की जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही डिंपल और हैरी दोनों के ही परिजन मौके पर पहुंच गए. हालांकि लड़के का परिवार विदेश में रहता है, लेकिन उसकी बहन यहां वहां पहुंची. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है.

डिंपल से रिलेशन नहीं सुधरा तो गुस्से में था हैरी

जानकारी के मुताबिक, डिंपल और हैरी पहले एक साथ एक ही पैकर्स एंड मूवर्स के दफ्तर में काम करते थे. दोनों में दोस्ती हुई, फिर प्यार हो गया. कुछ ही समय पहले दोनों का ब्रेकअप हुआ था. जिससे आरोपी हैरी काफी टूट गया था. वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा. हालांकि इस बीच उसने डिंपल के साथ अपना रिश्ता ठीक करने की काफी कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका. इस बात से वह काफी खुन्नस में था और जानलेवा हमला कर दिया.   

दफ्तर में चाकू लेकर पहुंचा और डिंपल को मार दिया

आरोपी हैरी गुरुवार देर शाम डिंपल के दफ्तर पहुंचा और उससे बात करने की कोशिश की. इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर विवाद हो गया. बस फिर क्या था उसने तो जैसे हत्या की प्लानिंग पहले ही कर रखी थी. हैरी ने चाकू निकाला और डिंपल पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए. उसके एक सहकर्मी ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक डिंपल बुरी तरह घायल हो चुकी थी. फिर हैरी ने खुद का भी गला रेतने की कोशिश की. लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को तुरंत फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरविंदर का इलाज चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

ये भी पढ़ें-दफ्तर में घुसा और एक्स गर्लफ्रेंड को चाकू से गोद डाला, खुद का भी गला रेता, मोहाली का खौफनाक वीडियो

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com