विज्ञापन

Mob Lynching: GRP जवान को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला, साथी घायल; स्कूटी सवार दो युवतियों से यौन उत्पीड़न का था आरोप

Mob Killed GRP Jawan in Bhubaneswar: स्थानीय लोगों ने अदासपुर के रहने वाले दोनों आरोपियों को पकड़कर पीट दिया. एक युवक सौम्यरंजन स्वाइन की मौत हो गई। दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. मृतक सौम्यरंजन ओडिशा GRP का जवान था.

Mob Lynching: GRP जवान को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला, साथी घायल; स्कूटी सवार दो युवतियों से यौन उत्पीड़न का था आरोप

Mob Lynching in Odisha: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो युवतियों से कथित तौर पर बदसलूकी करने के आरोप में भीड़ ने दो युवकों को पकड़ लिया. इस दौरान उन्हें जमकर पीटा गया, जिससे एक युवक की मौत हो गई और दूसरा युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. इस मामले में अब ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी का भी बयान आया.

जानकारी के अनुसार, बालिअंटा थाना क्षेत्र के भिंगारपुर में गुरुवार को दो युवतियां स्कूटी से जा रही थीं. आरोप है कि इस दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी. उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई. आरोप लगाया कि टक्कर मारने के बाद दोनों युवतियों को सड़क पर घसीटा गया.

जीआरपी का जवान था मृतक

यह देख स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और अदासपुर के रहने वाले दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. घटना से गुस्साए कुछ लोगों ने कथित तौर पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों युवकों की पिटाई कर दी. इससे एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान सौम्यरंजन स्वाइन के रूप में हुई है, जो ओडिशा सरकार रेलवे पुलिस (जीआरपी, GRP) का जवान था.

अस्पताल में भर्ती युवतियां

वहीं, पुलिस ने घायल युवतियों को भी अस्पताल में भर्ती कराया है, जो डॉक्टरों की निगरानी में हैं. पुलिस को घटना के पीछे का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है और सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है.

डीसीपी ने मामले में क्या कहा?

भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीना ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि इस घटना में तीन पक्षों की संलिप्तता है. दो युवतियां स्कूटर पर जा रही थीं, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक किया. उसके बाद मोटरसाइकिल सवारों ने पीछे मुड़कर कथित तौर पर उन्हें टक्कर मार दी. गांव वाले लड़कियों को बचाने के लिए दौड़े और उन्होंने युवकों के साथ मारपीट की. इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दूसरे का बयान दर्ज कर लिया गया है.

दोनों युवतियों में से एक ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है, जिसमें उसने रेप के प्रयास का आरोप लगाया है. मृतक युवक के खिलाफ रेप के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है. शिकायत दर्ज कराने वाली लड़की का बयान भी दर्ज कर लिया है.

परिवार ने क्या कहा

सौम्यरंजन स्वाइन के मामा ने बताया कि सौम्य को वह प्यार से “बुबू” कहकर बुलाते थे. उन्होंने कहा कि उनका 30 वर्षीय भांजा JRP रेलवे पुलिस में सेवारत था और एक ईमानदार तथा मेहनती युवक के रूप में जाना जाता था. घटनाओं के दुखद क्रम को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी बहन ने घबराहट में उन्हें फोन किया और बताया कि सौम्या का कथित तौर पर बालिअंता के पास एक दुर्घटना हो गई है और उनसे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने का आग्रह किया. उस समय वह एक अस्पताल में थे और उन्होंने अपनी बहन को भरोसा दिलाया कि वह जितनी जल्दी हो सकेगा, वहां पहुंच जाएंगे, लेकिन वहां उन्हें सौम्यरंजन मृत मिला.

मामा के अनुसार, कुछ बदमाशों ने कथित तौर पर सड़क पर सौम्यरंजन पर हमला किया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी. इस चौंकाने वाली घटना ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया है और इलाके में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है. इस क्रूर हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग लगातार जोर पकड़ रही है.

सीएम ने घटना पर जताया दुख

वहीं, सीएम मोहन चरण मांझी ने बालिअंटा में एक युवक की उग्र भीड़ द्वारा हत्या किए जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने पुलिस को इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. सीएमओ के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मांझी ने ओडिशा पुलिस के महानिदेशक वाईबी खुरानिया से बात की और उन्हें मामले की गहन जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

मामले में चार लोग गिरफ्तार

मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन और पुलिस बल को सतर्क रहने की सलाह दी, ताकि भविष्य में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या करने की ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. उन्होंने पुलिस को राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया. पुलिस ने अब तक इस घटना के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस घटना के संबंध में ओडिशा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सोवाना मोहंती से भी चर्चा की.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mob Lynching, Bhubaneswar News, Bhubaneswar Mob Lynching, Odisha News, Bhubaneshwar Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com