- साउथ दिल्ली के एक ग्रोसरी आउटलेट में बदमाशों ने आधी रात को मैनेजर और स्टाफ के साथ मारपीट की.
- घटना के समय स्टोर मैनेजर नवीन और स्टाफ स्टॉक ऑडिट कर रहे थे, जब बदमाश जबरन घुसे.
- सीसीटीवी फुटेज में तीन बदमाशों को मारपीट और तोड़फोड़ करते हुए साफ देखा जा सकता है.
दिल्ली में आधी रात बेखौफ बदमाशों का आतंक सामने आया है, जिसका एक हैरान कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. मामला साउथ दिल्ली के एक ग्रोसरी आउटलेट का है, जहां बदमाशों ने स्टोर मैनेजर और स्टाफ के साथ जमकर मारपीट की.
आउटलेट के मैनेजर नवीन के अनुसार, 31 मार्च की रात वह अपने स्टाफ के साथ स्टोर पर मौजूद थे और स्टॉक ऑडिट किया जा रहा था. इसी दौरान एक व्यक्ति आउटलेट में जबरन घुसने लगा. नवीन ने उसे बताया कि स्टोर बंद हो चुका है, लेकिन इसके बाद हालात बिगड़ गए. स्टोर में घुसे बदमाशों ने मैनेजर और स्टाफ के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी.
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक‑एक कर तीन बदमाश स्टोर में घुसते हैं, तोड़फोड़ करते हैं और मैनेजर नवीन तथा स्टाफ को पीटते हैं. वीडियो में मैनेजर नवीन बार‑बार माफी मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं, फिर भी बदमाश नहीं रुकते और लात‑घूंसे के साथ‑साथ स्टील के स्टूल से हमला करते हैं. यह सारा आतंक काफी देर तक चलता रहा.
जब पुलिस पीसीआर को कॉल किया गया, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे. इसके बाद मौके पर पहुंची पीसीआर वसंत कुंज साउथ थाना स्टाफ को सूचित कर लौट गई. पुलिस ने मैनेजर नवीन की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें : ID दिखाओ और 'छुटकू' LPG सिलेंडर ले जाओ... मिडिल ईस्ट संकट के बीच सरकार का बड़ा फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं