विज्ञापन

LPU में कैसे हैं हालात? छात्रों पर लाठीचार्ज का VIDEO सामने आते राजनीति तेज, DGP बोले- हल्का बल प्रयोग किया

पंजाब की LPU में एक छात्रा के कथित रेप और आत्महत्या की खबरों के बीच छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया. यूनिवर्सिटी ने 10 दिन क्लास और मिड-टर्म एग्जाम सस्पेंड किए. दूसरी तरफ पंजाब पुलिस ने रविवार की रात लाठीचार्ज किया जिसपर बीजेपी और अकाली दल हमलावर है.

LPU में छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई का यह वीडियो बीजेपी ने शेयर किया है (फोटो- वीडियोग्रैब)
  • पंजाब के LPU में हिंसक प्रदर्शन के कारण क्लासेस दस दिन के लिए स्थगित कर दी गई हैं
  • पंजाब पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगा है जबकि डीजीपी ने कहा कि हल्का बल प्रयोग किया गया
  • छात्रा के साथ कथित रेप मामले में FIR दर्ज कर SIT गठित की गई है जो मामले की जांच करेगी

पंजाब के लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी यानी LPU में स्थिति तनावपूर्ण है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर बीजेपी और अकाली दल ने पंजाब पुलिस पर यूनिवर्सिटी के प्रदर्शनाकी छात्रों पर रविवार की रात लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया है. बीजेपी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर गुंडो को नहीं बल्कि छात्रों को पीटा गया. वहीं अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर आरोप लगाया है कि पहले तो यूनिवर्सिटी में जानबूझकर हालात को बिगड़ने दिया. फिर अपनी नाकामी को सुधारने के बजाय छात्रों पर बल प्रयोग किया. 

इस बीच छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हंगामा और तोड़फोड़ के बाद सोमवार को पंजाब के डीजीपी गौरव यादव यूनिवर्सिटी पहुंचे. उन्होंने कहा कि पुलिस ने अब तक छात्रों के साथ संयम बरता है, लेकिन तोड़फोड़ करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी.

बता दें कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक छात्रा के साथ रेप और बाद में उसकी सुसाइड करने के अपुष्ट दावों को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन हुआ. LPU के कैंपस में तोड़-फोड़ की गई और बिल्डिंग के कुछ हिस्सों में आग लगा दी गई. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने क्लासेज को 10 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया है. वहीं, मिड-टर्म एग्जाम भी पोस्टपोन कर दिए गए हैं. कई छात्र घर लौटने लगे हैं.

पुलिस ने कहा- बल प्रयोग किया गया

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार डीजीपी गौरव यादव का यह दौरा पंजाब के कपूरथला जिले के फगवाड़ा स्थित LPU में हुआ. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें स्थिति का जायजा लेने के लिए कहा था. यहां डीजीपी गौरव यादव ने पत्रकारों से कहा कि पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से जुड़ी छात्रों की शिकायतों को बातचीत के जरिए हल कराने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि पुलिस ने बहुत कम बल इस्तेमाल करने का फैसला किया था और छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग न करने का सोच-समझकर फैसला लिया गया.

उन्होंने कहा कि छात्रों की ज्यादातर शिकायतें यूनिवर्सिटी प्रशासन से जुड़ी थीं. इसलिए पुलिस ने छात्रों और यूनिवर्सिटी अधिकारियों के बीच बातचीत कराकर इन समस्याओं को सुलझाने की कोशिश की. डीजीपी ने कहा कि खुले मन से छात्रों से बात की गई और रविवार को उनकी समस्या हल करने में सफलता मिली.

यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रेप के आरोप पर क्या बोले डीजीपी?

यूनिवर्सिटी में एक छात्रा के साथ कथित रेप की घटना के छात्रों के दावे पर डीजीपी ने कहा कि इस मामले में FIR दर्ज हो चुकी है और SIT बनाई गई है. SIT मामले की विस्तार से जांच करेगी. उन्होंने कहा कि लड़कियों के हॉस्टल में सभी महिला कर्मचारियों की मांग और प्रशासन से जुड़ी कुछ दूसरी शिकायतों को हल कराने में पुलिस ने छात्रों और यूनिवर्सिटी के बीच पुल का काम किया.

रविवार शाम प्रदर्शन के हिंसक होने को डीजीपी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की और पुलिस की गाड़ियों पर पत्थर फेंके गए. कई पुलिसकर्मी घायल भी हुए. गौरव यादव ने दावा किया कि पुलिस ने काफी संयम बरता, क्योंकि पुलिसकर्मी छात्रों को अपने बच्चों की तरह देखते हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों की शिकायतें सुनकर उनके समाधान के लिए बैठकें कराई गईं.

तोड़फोड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई

डीजीपी ने तोड़फोड़ करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और उसके आधार पर कार्रवाई होगी. उन्होंने छात्रों से बिना आधार वाली अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की. कैंपस में वॉकी-टॉकी मिलने की खबरों के आधार पर जब बाहरी लोगों की भूमिका के बारे में पूछा गया, तो डीजीपी ने कहा कि उनका दौरा पूरे हालात का जायजा लेने के लिए है. उन्होंने कहा कि हर घटना की बारीकी से जांच की जाएगी.

यह भी पढ़ें: LPU में बवाल के बाद 10 दिन के लिए क्लास सस्पेंड, आरोपों पर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कहा- शरारती तत्वों ने फैलाई अफवाह

यह भी पढ़ें: LPU में रेप हुआ या नहीं, हॉस्टल रूम की 3 लड़कियों ने किया इनकार, फिर बोला दबाव में दिया बयान


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
LPU, LPU Campus Unrest, LPU Protest, Lovely Professional University, Lovely Professional University Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com