कृषि कानूनों (Farmers Protest) के खिलाफ आज किसान रेल रोको आंदोलन (Rail Roko Andolan) कर रहे हैं. चार घंटे लंबे आंदोलन में हरियाणा के सोनीपत, अंबाला और जींद में किसान पटरियों पर बैठ गए हैं. इसमें महिलाएं भी शामिल हैं. कुरक्षेत्र में गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन को भी रोका गया है. उधर, हरियाणा के चरखी दादरी में किसानों के लिए खाने-पीने का प्रबंध किया गया. गांव में लोगों ने उन्हें चाय-पकौड़े दिए. वहीं धरनास्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को भी खिलाया गया.
आंदोलन को देखते हुए देशभर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. रेलवे ने पंजाब, हरियाणा, यूपी, पश्चिम बंगाल पर ध्यान केंद्रित करने के साथ ही रेलवे सुरक्षाबलों की 20 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की है. एक ओर भारतीय किसान यूनियन ने जहां अपील की है कि आंदोलन को शांतिपूर्ण रखा जाए, वहीं देश के कई राज्यों में पुलिस अलर्ट है. कई संवेदनशील जिलों में स्टेशनों के बाहर पुलिसकर्मियों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई है.