- कर्नाटक विधान परिषद चुनाव में विधायकों की क्रॉस वोटिंग को लेकर बीजेपी बुरी तरह से भड़की नजर आ रही है.
- क्रॉस वोटिंग की जांच के लिए BJP मंदिर में बैठक करने जा रही है. जहां विधायकों को भगवान की कसम दिलाई जाएगी.
- यह बैठक प्रसिद्ध धर्मस्थल में होगी, जहां झूठ बोलने वाले को गंभीर परिणाम भुगतने की मान्यता है.
Cross Voting in Karnataka MLC Elections: कर्नाटक विधान परिषद चुनाव में विधायकों की क्रॉस वोटिंग को लेकर बीजेपी बुरी तरह से भड़की नजर आ रही है. बीते दिनों BJP ने क्रॉस वोटिंग मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय कमेटी का गठन किया था. अब इस क्रॉस वोटिंग की जांच के लिए बीजेपी मंदिर में एक अहम बैठक करने जा रही है. जहां विधायकों को भगवान की कसम खिलाकर यह पूछा जाएगा कि वोटिंग पार्टी के पक्ष में की, या किसी विरोधी के पक्ष में. कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने क्रॉस-वोटिंग को 'विश्वासघात' बताते हुए कहा कि इस मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा.
भगवान मंजूनाथ के सामने कसम लेने को करेगी बीजेपी
उन्होंने बताया कि सच्चाई सामने लाने और जवाबदेही तय करने के लिए जल्द ही धर्मस्थल में भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी. विजयेंद्र ने संकेत दिया कि भाजपा विधायकों से वहां भगवान मंजूनाथ (भगवान शिव) के सामने कसम लेने और सच बोलने को कहा जा सकता है.
मालूम हो कि दक्षिण कन्नड़ जिले में नेत्रावती नदी के तट पर स्थित धर्मस्थल का लगभग 800 वर्षों का इतिहास है. मान्यता है कि भगवान मंजूनाथ के सामने झूठ बोलने वाले को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ते हैं.

दक्षिण कन्नड़ जिले का प्रसिद्ध मंदिर धर्मस्थल और भगवान मंजूनाथ, जिनके सामने झूठी शपथ लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की मान्यता है.
Photo Credit: NDTV
भाजपा के 4 विधायकों पर क्रॉस वोटिंग का शक
विजयेंद्र ने कहा, “हाल के विधान परिषद चुनाव में भाजपा विधायकों की ओर से कम से कम चार क्रॉस-वोटिंग होने की चर्चा मीडिया, प्रेस और सोशल मीडिया में है. हमारे कार्यकर्ताओं ने विधायकों के इस व्यवहार पर नाराजगी जताई है. इससे हमारे 63 विधायकों पर संदेह पैदा हुआ है.”
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते यह घटनाक्रम उन्हें व्यथित कर रहा है.
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मांगा स्पष्टीकरण, बनी जांच समिति
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं इस मामले को अंत तक पहुंचाना चाहता हूं. मैंने कल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से बात की और उन्हें स्थिति बताई. उन्होंने स्पष्टीकरण मांगा है. मैं और विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक दिल्ली जाकर पूरी जानकारी देंगे. विजयेंद्र ने बताया कि क्रॉस-वोटिंग मामले की जांच के लिए सी. टी. रवि, महेश तेंगिनकाई और एन. महेश की एक तथ्य-जांच समिति गठित की गई है.

यह भी पढ़ें - BJP के 5, JDS के 6 विधायक तोड़े, कांग्रेस को दिलाई पांचों सीटें... कर्नाटक MLC चुनाव में DK शिवकुमार ने कैसे कराया खेला?
अगले सप्ताह धर्मस्थल में होगी बीजेपी विधायकों की बैठक
उन्होंने कहा कि विधायक दल की बैठक अगले सप्ताह धर्मस्थल में हो सकती है और वहीं सच्चाई सामने आनी चाहिए. उन्होंने कहा, “मैंने निर्णय लिया है कि विपक्ष के नेता आर. अशोक से भी इस संबंध में बात करूंगा. परिषद चुनाव में मतदान गोपनीय था, लेकिन हमें जनता के सामने सच्चाई रखनी होगी, पार्टी की प्रतिष्ठा बचानी होगी और कार्यकर्ताओं की शंकाएं दूर करनी होंगी. इसलिए विधायक दल की बैठक जल्द से जल्द धर्मस्थल में होनी चाहिए और जिन्होंने पार्टी के साथ विश्वासघात किया है, उन्हें सामने आना होगा.”
कर्नाटक MLC चुनाव में कांग्रेस को सभी 5 सीटों पर मिली थी जीत
विजयेंद्र ने कहा कि चाहे व्यक्ति कितना भी बड़ा क्यों न हो, सभी भगवान में आस्था रखते हैं और सभी विधायकों को धर्मस्थल आना होगा, जहां सच्चाई सामने आएगी और मामला तय होगा. गौरतलब है कि गुरुवार को हुए विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस ने सात में से पांच सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को दो सीटें मिलीं. जेडी(एस) अपनी एकमात्र सीट भी नहीं जीत सकी.
यह भी पढ़ें - कर्नाटक में विधायकों की क्रॉस वोटिंग पर BJP गंभीर, नितिन नबीन ने प्रदेश अध्यक्ष को किया तलब, बनाई जांच कमेटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं