विज्ञापन

2 घंटे का सफर 40 मिनट में, जींद-गोहाना हाइवे ने बदली तस्वीर, दिल्ली, हरियाणा से पंजाब तक फायदा

हरियाणा के जींद-गोहाना NH-352A ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से दोनों शहरों के बीच सफर 2 घंटे से घटकर 40 मिनट रह गया है. दिल्ली-NCR, रोहतक और पानीपत की कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है.

2 घंटे का सफर 40 मिनट में, जींद-गोहाना हाइवे ने बदली तस्वीर, दिल्ली, हरियाणा से पंजाब तक फायदा
दिल्ली से जींद का सफर आसान (प्रतीकात्मक तस्वीर)
NDTV

हरियाणा के जींद और गोहाना के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए अच्छी खबर है. दोनों शहरों के बीच बन रहे नए फोर-लेन नेशनल हाइवे-352A बनकर तैयार हो चुका है और यहां से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं.  यह ग्रीनफील्ड कॉरिडोर शुरू होने से अब जींद से गोहाना का सफर जो पहले 2 घंटे में पूरा होता था. वह महज 40 मिनट का रह गया है. इतना ही नहीं इस हाई स्पीड कॉरिडोर के बनने से दिल्ली-NCR, रोहतक और पानीपत आने-जाने वाले यात्रियों को भी सीधा फायदा हो रहा है. आइए बताते हैं यह हाइवे क्यों खास है.

क्या हैं जींद से गोहाना हाइवे की खासियत?

  • NH-352A का जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड कॉरिडोर हरियाणा के लिए काफी अहम और फायदेमंद है.
  • यह करीब 40.6 किलोमीटर लंबा फोन-लेन ग्रीनफील्ड हाईवे है, जो जींद बाईपास से शुरू होकर गोहाना के पास NH-709 पर समाप्त होता है.
  • इस कॉरिडोर के बनने से जींद और गोहाना के बीच का सफर जो पहले करीब 2 घंटे का था, वह अब घटकर मात्र 40 मिनट रह गया है.
  • लोकल वाहनों और हाईवे के मुख्य ट्रैफिक को अलग रखने के लिए इसमें कई अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए गए हैं.
  • इस प्रोजेक्ट का निर्माण हाइब्रिड एनुटी मॉडल (HAM) के तहत किया गया है.

दिल्ली से सफर होगा बेहद आसान

इस हाइवे से राजधानी दिल्ली और एनसीआर के अन्य शहरों से जींद तक का सफर काफी आसान हो गया है. जींद को अक्सर कनेक्टिविटी के मामले में दिल्ली-NCR से थोड़ा दूर माना जाता था. लेकिन NH-352A के दिल्ली के नए UER-II (अर्बन एक्सटेंशन रोड-2) के जुड़ने से अब दिल्ली से जींद का पूरा सफर बदल जाएगा. यह हाइवे न केवल जींद और गोहाना को जोड़ता है, बल्कि आगे जाकर सोनीपत के पास NH-44 (जीटी रोड) से जुड़ता है.

इसके अलावा UER-II का एक स्पर सीधे सोनीपत के पास NH-352A से जुड़ रहा है. इसका मतलब है कि द्वारका, नजफगढ़ या आईजीआई एयरपोर्ट से चलने वाले लोग बिना दिल्ली के ट्रैफिक में फंसे सीधे जींद और गोहाना पहुंच सकेंगे.

पहले दिल्ली से जींद जाने में पुराना रूट और ट्रैफिक जाम मिलाकर करीब 4 से 5 घंटे लग जाते थे. अब इस नए नेटवर्क की मदद से यह सफर सिमटकर करीब 2 से 2.5 घंटे का रह जाएगा.

इन एक्सप्रेसवे और हाइवे से कनेक्शन

  • NH-44 (दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे) से सीधा लिंक: गोहाना से आगे सोनीपत तक जाकर यह सीधे NH-44 में मिल जाता है. यानी जींद से चलने वाला व्यक्ति बिना भटके सीधे दिल्ली-चंडीगढ़ के मुख्य रूट पर आ सकता है.
  • NH-709 (रोहतक-पानीपत) क्रॉसिंग: गोहाना के पास यह रोहतक-पानीपत हाईवे को काटता है. यानी जिसे पानीपत या रोहतक जाना है, उसे शहर के जाम में नहीं फंसना पड़ेगा.
  • ट्रांस-हरियाणा एक्सप्रेसवे (NH-152D) से इन डायरेक्ट कनेक्टिविटी: जींद के पास से ही ट्रांस हरियाणा एक्सप्रेसवे गुजरता है. NH-352A के शुरू होने से अब दिल्ली-NCR का ट्रैफिक सीधा जींद होते हुए राजस्थान और दक्षिण हरियाणा की तरफ आसानी से डायवर्ट हो सकता है.
  • दिल्ली के UER-II से कनेक्ट: इसे दिल्ली के बाईपास करने वाले यूईआर-2 से भी कनेक्ट किया गया है, जिससे द्वारका और एयरपोर्ट की तरफ जाने वालों को सीधा फायदा होगा.

कई राज्यों को हो रहा है सीधा फायदा?

यह हाइवे हरियाणा के मध्य  में बसे जींद और पूर्वी इलाके सोनीपत/दिल्ली बॉर्डर हिस्से के बीच है. इससे हरियाणा के साथ-साथ कई राज्यों को फायदा हो रहा है. इस हाइवे से दिल्ली-NCR में कमर्शियल वाहनों का दबाव कम होगा. वहीं पंजाब के पटियाला, संगरूर और बठिंडा जैसे शहरों से आने वाला ट्रैफिक जो दिल्ली जाना चाहता है, वो अब जींद-गोहाना-सोनीपत रूट का इस्तेमाल करके समय बचा रहा है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली-नोएडा से 6 घंटे में चित्रकूट, लिंक एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड तक 10 बड़े शहरों को देगा हाईस्पीड कनेक्टिविटी, लखनऊ-आगरा को भी फायदा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana Highway, NHAI, High Way, Haryana Highway Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com