विज्ञापन
This Article is From May 04, 2023

J&K: सेना का हेलीकॉप्टर किश्तवाड़ में दुर्घटनाग्रस्त, तकनीशियन की जान गई

2 महीने में सेना का तीसरा ध्रुव हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है. 8 मार्च को मुम्बई तट के पास, 26 मार्च को कोच्चि एयरपोर्ट पर और 4 मई को किश्तवाड़ में ध्रुव हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ था.

जम्मू-कश्मीर में सेना का हेलीकॉप्टर ध्रुव क्रैश

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के पास सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है. जिसके कारण इसमें सवार एक तकनीशियन की जान चली गई और दो पायलट घायल हो गए.

अभियानगत मिशन में तैनात उन्नत हल्का हेलीकॉप्टर (एएलएच) ध्रुव मारवाह इलाके में एक नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह इलाका इन दिनों भारी बर्फबारी के कारण जिला मुख्यालय से कट गया है.

सेना ने एक बयान जारी कर बताया कि घटना की ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी' के आदेश दिए गए हैं और आगे की जानकारी जुटाई जा रही है.

उधमपुर स्थित उत्तरी कमान ने एक बयान में कहा, ‘‘परिचालन मिशन पर गए ‘आर्मी एविएशन एएलएच ध्रुव' हेलीकॉप्टर को चार मई, 2023 को पूर्वाह्न करीब सवा 11 बजे जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मारुआ नदी के किनारे एहतियातन उतारा गया.''

बयान में कहा गया है कि पायलट ने हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) को किसी तकनीकी खामी के बारे में बताया था और हेलीकॉप्टर को एहतियातन उतारने की कार्रवाई शुरू की थी.

बयान के मुताबिक, ‘‘ऊबड़-खाबड़ मैदान में, हेलीकॉप्टर को मजबूरन उतारा गया. तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया और सेना के बचाव दल मौके पर पहुंचे.''

किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खलील अहमद पोसवाल ने बताया कि उन्नत हल्का हेलीकॉप्टर (एएलएच) ध्रुव मारवाह के मचीना इलाके में एक झील के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया. उन्होंने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब दस बजकर 35 मिनट पर हुई। दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर झील के किनारे पड़ा मिला.

सेना ने बताया कि घायलों को उधमपुर के कमान अस्पताल ले जाया गया, जहां तकनीशियन- क्राफ्टमैन पाब्बल्ला अनिल की गंभीर रूप से घायल होने से जान चली गई.

गौरतलब है कि ठंड के मौसम में इस इलाके के लोगों के लिए हेलीकॉप्टर ही परिवहन का एकमात्र साधन है,और इन्हीं के जरिए वहां सामान भी भेजा जाता है. इससे पहले हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की संख्या को लेकर भ्रम था.

 2 महीने में सेना का तीसरा ध्रुव हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है. 8 मार्च को मुम्बई तट के पास, 26 मार्च को कोच्चि एयरपोर्ट पर और 4 मई को किश्तवाड़ में ध्रुव हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ था.

(इनपुट्स भाषा से भी)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Helicopter Crash, Jammu Kashmir
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com