हिमाचल प्रदेश सरकार के एंट्री टैक्स को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. टैक्स बढ़ाए जाने के विरोध में पंजाब और हरियाणा के बॉर्डर इलाकों में बड़ा प्रदर्शन हुआ है. बीबीएन के साथ लगते बॉर्डर जैसे बद्दी,बरोटीवाला, ढेरोवाल ,बघेरी और भरतगढ़ में प्रदर्शनकारियों ने बुधवार, 1 अप्रैल को चक्का जाम कर दिया. नालागढ़ रोपड़ रोड ढेरोंवाल में भी चक्का जाम किया गया. इस फैसले के खिलाफ पंजाब के जत्थेदारों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों के साथ पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार भी एकजुट होकर विरोध कर रहे हैं.
चक्का जाम होने से लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पंजाब से सवारियां लेकर आने वाली बसे घनौली में ही सवारियो को उतार रही है. उसके बाद सवारियां पैदल ही बॉर्डर क्रॉस कर रही हैं. औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण बीबीएन चक्का जाम से सबसे ज़्यादा प्रभावित हो रहा है.
प्रदर्शनकारियों ने दी चेतावनी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हिमाचल सरकार द्वारा अचानक एंट्री टैक्स बढ़ाने से व्यापार, धार्मिक यात्राओं और आम लोगों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ रहा है. इसी को लेकर नाराज लोगों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार नारेबाजी की और हिमाचल सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया.
प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़े हैं कि हिमाचल सरकार एंट्री टैक्स को पूर्ण रूप से बंद करे. उन्होंने चेतावनी दी है कि हिमाचल सरकार जब तक एंट्री टैक्स को पूर्ण रूप से बंद नहीं करेगी तब तक बॉर्डर खोला नहीं जाएगा.

आम आदमी पार्टी भी प्रदर्शन कर रही है
Photo Credit: NDTV
आम आदमी पार्टी विधायक भी उतरे सड़क पर
वहीं पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार के रोपड़ के विधायक दिनेश चड्ढा भी अपने समर्थकों सहित प्रदर्शन में शामिल हुए. विधायक दिनेश चड्ढा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हिमाचल सरकार ने जो एंट्री टैक्स बढ़ाया है उसके ख़िलाफ़ पूरे पंजाब में रोष है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सुखविंदर सिंह सुक्खु का यह बयान भ्रामक है कि एंट्री टैक्स में हुई वृद्धि को वापस ले लिया है.
उन्होंने कहा,"पंजाब कोई विदेश में नहीं है जिसको हिमाचल में आने के लिए टैक्स देना पड़े. हिमाचल सरकार अगर एंट्री टैक्स बंद नहीं करती तो पंजाब सरकार भी हिमाचल से आने वाली गाड़ियों पर टैक्स लगाएगी."
दिनेश चड्ढा ने साफ़ तौर पर हिमाचल सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जब एंट्री टैक्स पूर्ण रूप से बंद नहीं किया जाएगा तब तक बॉर्डर पर चक्का जाम करके बॉर्डर को बंद किया जाएगा. वहीं प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर एंट्री टैक्स का फैसला वापस नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा.
ये भी पढ़ें-: शिमला की 'सील' सड़कों पर एंट्री के बदलेंगे नियम, परमिट से लेकर जुर्माने तक सब कुछ होगा महंगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं