- शिलांग कोर्ट ने राजा रघुवंशी मर्डर केस की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत दे दी है
- राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने कहा कि सोनम को नहीं छोड़ना चाहिए था और उसकी सजा फांसी होनी चाहिए थी
- राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने बताया कि गिरफ्तारी के कारण न बताने के आधार पर कोर्ट ने सोनम को जमानत दी है
इंदौर के राजा रघुवंशी मर्डर केस में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को शिलॉंग कोर्ट से मंगलवार को जमानत मिल गई. इससे हर कोई हैरान हैं. सबसे बड़ा झटका लगा है राजा के परिवार को. जिन्होंने शादी के तुरंत बाद अपने बेटे को खो दिया. उसकी हत्या पत्नी सोनम रघुवंशी ने हनीमून के दौरान करवा दी थी. अदालत के इस फैसले से परिवार बिल्कुल भी खुश नहीं हैं. राजा की मां और भाई का रिएक्शन सामने आया है.
सोनम को नहीं छोड़ना चाहिए था
राजा रघुवंशी की मां और सोनम की सास उमा रघुवंशी ने कहा, "हमें कानून पर पूरा भरोसा था, फिर भी सोनम को जमानत दे दी गई. सरकार को सोनम को नहीं छोड़ना चाहिए था, बल्कि उसे फांसी देनी चाहिए थी. गोविंद रघुवंशी पूरे मामले का मास्टरमाइंड है. गोविंद ने पैसा देकर सबको खरीद लिया है और जमानत में भी मदद की है. सोनम रघुवंशी अगर माफी मांगने भी इंदौर आती है तो उसे माफ नहीं करेंगे."
सोनम रघुवंशी को जमानत कैसे मिली?
राजा की मां ने सवाल उठाया कि सोनम रघुवंशी को आखिर जमानत कैसे मिल गई, जब वह गुनहगार है? सोनम ने अपने पति को अपनी आंखों के सामने मरवाया था, तो जमानत किस आधार पर मिल गई? हमें तो भरोसा था कि इंसाफ मिलेगा, लेकिन नहीं मिला. उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की है कि मामले की सीबीआई जांच कराई जाए. सोनम किसी के साथ मिलकर कुछ भी कर सकती है, इसलिए उनके परिवार को खतरा है.

सोनम की जमानत पर राजा के भाई का दर्द
वहीं राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने सोनम रघुवंशी को जमानत दिए जाने की खबरों की पुष्टि करते हुए कहा, " वकील से बात करने पर पता चला कि सोनम को जब गाजीपुर से पुलिस ने गिरफ्तार किया था तो गिरफ्तारी की वजह नहीं बताई थी. इसी आधार पर कोर्ट ने सोनम को जमानत दी है. अब हाई कोर्ट में सोनम की जमानत खारिज करने के लिए अपील दायर करेंगे."

हनीमून पर सोनम ने करवाई थी राजा की हत्या
बता दें कि राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 21 मई 2025 को हनीमून मनाने शिलांग गए थे. यहां से दोनों 26 मई को सोहरा घूमने गए, जहां दोनों लापता हो गए थे. पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय टीमों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया. करीब एक हफ्ते बाद 2 जून 2026 को राजा का शव सोहरा के मशहूर वेई सादोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई में मिला था. राजा रघुवंशी की हत्या का आरोप पत्नी सोनम, राज कुशवाहा और तीन हमलावर विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी पर लगे हैं. हालांकि इन सभी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है. सोनम 10 महीने से जेल में बंद है. लेकिन जमानत मिलने के बाद अब वह बाहर आ जाएगी.
ये भी पढ़ें- हनीमून मर्डर केस; सोनम को इन 3 वजहों से मिली जमानत, जानें- राजा के बाकी हत्यारोपी को क्याें नहीं मिलेगी रिहाई?
इनपुट- IANS
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं